जयपुर: कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी अपने संक्षिप्त दौरे के बाद आज सुबह जयपुर से लखनऊ लौट गईं. वे आज सुबह 8 बजकर 50 मिनट पर इंडिगो की फ्लाइट से लखनऊ के लिए रवाना हुईं. इससे पहले जयपुर एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ उनकी चर्चा हुई. प्रियंका गांधी को सी ऑफ करने के बाद एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री गहलोत ने मीडिया से बातचीत में देश-प्रदेश की सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी.
#InternationalWomensDay के उपलक्ष्य में महिलाओं को बहुत-बहुत बधाई, शुभकामनाएं... हमें इस बात का गर्व है कि हमारे देश में इंदिरा गांधी जी जैसी महान नेता हुई हैं जिन्होंने पूरे देश का मान-सम्मान दुनिया में स्थापित किया। pic.twitter.com/4f5K8c6ILl
— Ashok Gehlot (@ashokgehlot51) March 8, 2022
गहलोत ने कहा कि इस देश में इंदिरा गांधी जैसी सशक्त महिलाएं हुई हैं. जिन्होंने देश में गरीबी हटाने की शुरुआत की, हरित क्रांति लागू की. बांग्लादेश को अलग देश बनाया, परमाणु परीक्षण किए. वे महिला सशक्तिकरण का बड़ा उदाहरण रही हैं. आज देश में महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं. सीएम ने पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को भी जन्मदिन की बधाई दी.
उत्तर प्रदेश चुनाव को लेकर आए एग्जिट पोल के नतीजों को लेकर सीएम गहलोत ने कहा कि आज आमजन को धर्म और जाति में बांटा जा रहा है. ये लोग कांग्रेस मुक्त भारत की बात करते हैं, लेकिन यह कभी नहीं हो सकता. क्योंकि कांग्रेस देश के जन-जन के अंदर बसी हुई है. सीएम गहलोत ने इस मौके पर दूसरे राज्यों के प्रत्याशियों की राजस्थान में बाड़ेबंदी की चर्चाओं को भी खारिज किया.