जयपुर: राजस्थान में जल्द कैबिनेट विस्तार (rajasthan cabinet reshuffle) होने की संभावना है. इसी बीच 2023 के लिए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का नया रोडमैप भी सामने आ सकता है! मंत्रिमंडल फेरबदल और राजनीतिक नियुक्तियों के बाद अब गहलोत का 2023 में कांग्रेस सरकार की वापसी का एजेंडा भी सामने आने की संभावना जताई जा रही है.
इसके लिए गहलोत का 2022 में एक नया रूप देखने को मिलेगा. गहलोत अपने मौजूदा कार्यभार में से 85% विभाग छोड़ सकते हैं और उनका पूरा ध्यान 2023 की रणनीति बनाने पर रहेगा. इसके साथ ही मुख्यमंत्री गहलोत 2022 में यदा कदा ही CMO जा पाएंगे और पूरे प्रदेश में गांव-गांव में उनके धुआंधार दौरे होंगे. अब CMO गहलोत के इस नए एजेंडे की रुपरेखा बनाएगा.
इससे पहले बुधवार को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की यहां पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, केसी वेणुगोपाल और अजय माकन के साथ लंबी बैठक हुई जिसमें मंत्रिमंडल विस्तार, राजनीतिक नियुक्तियों और राज्य की राजनीतिक स्थिति को लेकर चर्चा हुई. सूत्रों ने बताया कि राहुल गांधी के आवास 12 तुगलक लेन पर करीब तीन घंटे चली बैठक के बाद अब राजस्थान में मंत्रिमंडल विस्तार और राजनीतिक नियुक्तियों को लेकर जल्द ही अंतिम निर्णय होने की संभावना है. उल्लेखनीय है कि गहलोत की कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक से कुछ घंटे पहले उनके पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट की वेणुगोपाल के साथ बैठक हुई.
अजय माकन ने कहा- सिर्फ मंत्रिमंडल की ही नहीं, 2023 को लेकर भी चर्चा हुई
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं और मुख्यमंत्री गहलोत के बीच बैठक के बाद कांग्रेस के राजस्थान प्रभारी अजय माकन ने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि हमने राजस्थान के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा की. सिर्फ मंत्रिमंडल की ही नहीं, 2023 में हम लोग कैसे जीतकर वापस आएंगे, इस बारे में भी चर्चा हुई.