असम के राज्यपाल बने गुलाबचंद कटारिया, अब विधानसभा को मिलेगा नया नेता प्रतिपक्ष; इन 13 राज्यों में भी बड़ा फेरबदल

जयपुर: नेता प्रतिपक्ष गुलाबचंद कटारिया को असम का राज्यपाल बनाया गया है. फर्स्ट इंडिया न्यूज ने बहुत पहले ही उनके राज्यपाल बनाए जाने की संभावना को लेकर यह खबर चला दी थी. गुलाबचंद कटारिया को राज्यपाल बनाए जाने के बाद अब विधानसभा को नया नेता प्रतिपक्ष मिलेगा. इस दौड़ में पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का नाम सबसे आगे बताया जा रहा है. वहीं उपनेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ का नाम भी चर्चा में हैं. 

दलित नेता के तौर पर जोगेश्वर गर्ग और मदन दिलावर का नाम भी चर्चा में हैं. अन्य प्रमुख नेताओं में कालीचरण सराफ और नरपत सिंह राजवी भी सीनियर हैं. गुलाबचंद कटारिया को फ्लोर मैनेजमेंट में महारत हासिल थी. कटारिया सुंदर सिंह भंडारी की अंगुली पकड़कर सियासत में आगे बढ़े. वो राजस्थान में कई सरकारों में मंत्री रहे हैं. भैरोसिंह शेखावत सरकार में मंत्री रहे इसके साथ ही राजे सरकारों में गृह मंत्री समेत विभिन्न पदों पर रहे. 

आपको बता दें कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और लद्दाख के उपराज्यपाल राधा कृष्ण माथुर का इस्तीफ़ा मंजूर कर लिया है. झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को अब महाराष्ट्र का राज्यपाल बनाया गया है. वहीं अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल बी डी मिश्रा लद्दाख के उपराज्यपाल बनाए गए हैं.

इसके अलावा महामहिम राष्ट्रपति ने कुछ और भी नियुक्तियां की:
इसके अलावा महामहिम राष्ट्रपति ने कुछ और भी नियुक्तियां की हैं. पूर्व वित्त राज्यमंत्री मंत्री शिवप्रताप शुक्ला को हिमाचल प्रदेश का राज्यपाल तो वहीं पूर्व जस्टिस एस अब्दुल नज़ीर को आंध्र प्रदेश का राज्यपाल, तो बिहार के राज्यपाल फागु चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया है. हिमाचल के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर को बिहार के राज्यपाल का कार्यभार दिया गया है.

राष्ट्रपति ने इन राज्यपालों की नियुक्तियां की:-
- लेफ्टिनेंट जनरल कैवल्य त्रिविक्रम परनाइक, पीवीएसएम, यूवाईएसएम, वाईएसएम (सेवानिवृत्त) अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल के रूप में
- सिक्किम के राज्यपाल के रूप में लक्ष्मण प्रसाद आचार्य
- सी.पी. राधाकृष्णन को झारखंड का राज्यपाल बनाया गया
- शिव प्रताप शुक्ल हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल नियुक्त
- असम के राज्यपाल के रूप में गुलाब चंद कटारिया
- न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) एस अब्दुल नज़ीर आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के रूप में
- आंध्र प्रदेश के राज्यपाल बिस्वा भूषण हरिचंदन को छत्तीसगढ़ का राज्यपाल नियुक्त किया गया
- छत्तीसगढ़ की राज्यपाल अनुसुइया उइके को मणिपुर का राज्यपाल नियुक्त किया गया
- मणिपुर के राज्यपाल ला गणेशन को नागालैंड का राज्यपाल नियुक्त किया गया
- बिहार के राज्यपाल फागू चौहान को मेघालय का राज्यपाल नियुक्त किया गया
- हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को बिहार का राज्यपाल नियुक्त किया गया
- झारखंड के राज्यपाल रमेश बैस को महाराष्ट्र का राज्यपाल नियुक्त किया गया
- ब्रिगेडियर। (डॉ.) बी.डी. मिश्रा (सेवानिवृत्त), अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल को लद्दाख का उपराज्यपाल नियुक्त किया गया