अजमेर। लोकसभा चुनाव का आगाज कांग्रेस अजमेर से करने जा रही है। 14–15 फरवरी को कायड विश्राम स्थली पर सेवादल का राष्ट्रीय अधिवेशन होने जा रहा है। इस सम्मेलन में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी शिरकत करेंगे। आयोजन को सफल बनाने के लिए आज राष्ट्रीय सचिव विवेक बंसल अजमेर पहुंचे और उन्होंने आयोजन स्थल का जायजा लिया।
इंडोर स्टेडियम में बंसल ने शहर एवं देहात पदाधिकारियों के साथ बैठक की। ऐसा पहली बार हुआ, जब बैठक की कवरेज से मीडिया को दूर रखा गया। बैठक के बाद बंद कमरे में बंसल ने रायशुमारी की। विधानसभा चुनाव में हार के कारणों पर मंथन भी किया गया। संगठन पदाधिकारियों ने बताया कि उम्मीदवार ओवर कॉन्फिडेंस में थे, वरिष्ठ नेताओं को दरकिनार किया गया, चुनाव प्रबंधन भी पूरी तरह से विफल रहा।
बंसल ने भी स्वीकार किया है कि गुटबाजी से कांग्रेस को नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में कांग्रेस अब बूथस्तर को मजबूत करने जा रही है, वहीं शक्ति कार्यक्रमों को सशक्त बनाया जाएगा। ब्लॉक कमेटियों का गठन कागजों तक ही सीमित नहीं रहने देंगे। उन्होंने मीडिया से बातचीत में भाजपा पर भी जमकर निशाना साधा।
इंडोर स्टेडियम में आयोजित बैठक में संगठन पदाधिकारियों ने हार का ठिकरा कांग्रेस प्रत्याशियों पर फोड़ा और एक-दूसरे की जमकर आलोचना भी की गई। बंद कमरे में लोकसभा उम्मीदवार के नाम पर भी चर्चा की गई। हालांकि संगठन के बड़े नेता कह रहे हैं कि आलाकमान जो तय करेगा, उसके समर्थन में सभी जुट जाएंगे। लेकिन जमीनी सच्चाई यह है कि अजमेर में ही करीब आधा दर्जन से अधिक ऐसे नेता हैं, जो चुनाव लडना चाहते हैं।
बैठक के बाद बंसल कायड विश्राम स्थली पर पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। ढाई से तीन लाख लोगों के रैली में आने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में व्यवस्थाओं को लेकर बड़े नेता भी सक्रिय हो गए हैं। विधानसभा चुनाव के दौरान सेवादल अजमेर में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन का आयोजन कर चुका है। अब अजमेर में ही राष्ट्रीय अधिवेशन करने जा रहा है। सेवादल के राष्ट्रीय संगठक लालजी टंडन लोकसभा चुनाव के दौरान सेवादल 29 राज्यों में वाहन रैली का आयोजन करने जा रहा है।