तिरुवनंतपुरम। महिलाओं के प्रवेश को लेकर लम्बे समय तक चले विवाद के बाद सबरीमाला मंदिर में प्रवेश कर इस तरह का इतिहास बनाने वाली पहली महिला बनी कनक दुर्गा को अब उसके ससुराल में प्रवेश करने पर रोक लगा दी गई है। बताया जा रहा है कि उसके ससुराल वालों ने उसे घर में घुसने की इजाजत नहीं दी है। इसके लेकर कनक दुर्गा ने अब अपने ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। बता दें कि एक हफ्ते पहले कनक दुर्गा की सास पर उनसे मारपीट का आरोप लगा था, जिसके बाद उन्हें कोझिकोडे मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराना पड़ा था।
सूत्रों के मुताबिक, यह मामला अब अदालत में जा पहुंचा है और सबको अदालत के आदेश का इंतजार है। बताया जा रहा है कि जब पुलिस कनक दुर्गा को अस्पताल से लेकर घर पहुंती, तो उन्हें अपने ससुराल में घर के दरवाजे पर ताला लगा हुआ मिला। दुर्गा के पति अपने दो बच्चों और मां के साथ घर पर ताला लगाकर कहीं चले गए थे। दुर्गा को फिलहाल अब पुलिस की निगरानी में सरकारी आश्रय गृह में रखा गया है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व कनक दुर्गा ने अपनी सास पर मारपीट का आरोप लगाया था। सबरीमला मंदिर में प्रवेश करने के बाद कनक दुर्गा सुरक्षा कारणों से पिछले दो हफ्ते से छिपी हुईं थीं और 15 जनवरी को पेरिनथलमन्ना स्थित अपने घर पहुंची थीं। पुलिस के अनुसार, घर में घुसने के साथ ही दुर्गा की अपनी ससुराल वालों से बहस हो गई, जो मंदिर में उसके प्रवेश का जोरदार विरोध कर रहे थे। दुर्गा के ससुराल वालों के साथ-साथ उसके मायके वाले भी मंदिर में प्रवेश के उनके फैसले का विरोध कर रहे हैं।