जोधपुर | पांच दिन पूर्व प्रदेश में प्रवेश कर चुका मानसून पूर्वी राजस्थान में अटक कर रह गया है। मौसम विभाग का मानना है कि चार दिन बाद मानसून एक बार फिर सक्रिय होकर पूरे राजस्थान पर छा जाएगा। मानसून के आगे नहीं बढ़ने के कारण जोधपुर सहित पूरे पश्चिम राजस्थान में उमस भरी गर्मी ने लोगों का पसीना निकाल रखा है। लोग बड़ी बेसब्री के साथ मानसून का इंतजार कर रहे है।
सोमवार और मंगलवार को जोधपुर सहित पूरे मारवाड़ में कई जगह पर अच्छी बारिश से लोगों के चेहरे खिल उठे। लेकिन यह बारिश सिर्फ प्री मानसून की थी।बांसवाड़ा-डूंगरपुर के रास्ते गत सप्ताह प्रदेश में प्रवेश करने वाले मानसून को हवा का पूर्ण सहयोग नहीं मिल पाया। इस कारण यह पूर्वी राजस्थान में ही अटक कर रह गया है।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल मानसून के आगे बढ़ने लायक परिस्थितियां नहीं बन पा रही है। उम्मीद जताई जा रही है कि चार-पांच दिन बार परिसंचार तंत्र में बदलाव होगा और मानसून पूरे राजस्थान पर छा जाएगा। जोधपुर शहर में हालांकि अधिकतम तापमान 38 डिग्री ही चल रहा है, लेकिन हवा में नमी बहुत अधिक होने के कारण लोगों को राहत नहीं मिला पा रही है।
Jodhpur, Monsoon, Pre monsoon, East rajasthan, Temperature, Weather news, Rajasthan news