झुंझुनूं। जिले में उदयपुरवाटी के राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान में चल रहे मारवाड़ हैंडीक्राफ्ट मेले में कल देर रात करीब 10 बजे फायरिंग हो गई। इसके बाद वहां मौजूद युवकों ने फायरिंग करने वालों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पकड़े गए युवक से एक देशी तमंचा भी पुलिस ने बरामद किया है।
घटना के बाद थाने के सामने दो समुदाय विशेष के लोग एकत्रित होकर जमकर फसाद करने लगे और आपस में पत्थरबाजी भी हुई। तोड़फोड़ के बाद पुलिस ने लाठीचार्ज करके लोगों को वहां से खदेड़ा। जानकारी के अनुसार खेल मैदान में गत 2 सप्ताह से मारवाड़ हैंडीक्राफ्ट मेला लगा था। रात करीब 10 बजे के आसपास नवलगढ़ से आए एक युवक ने मेले में फायरिंग कर दी। हालांकि फायरिंग के बाद उसे पकड़ कर लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया।
घटना को समुदाय विशेष का रंग देने के लिए भी कोई कोर-कसर लोगों ने नहीं छोड़ी गई। रात को घटना के बाद थाने के सामने दो समुदाय विशेष के लोग आमने—सामने हो गए और दोनों ओर से काफी देर तक पत्थरबाजी हुई। हाथों में लाठी लिए लोग पुलिस पर भी हमला करने की कोशिश करने लगे, लेकिन उनकी एक न चली। पुलिस ने लाठीचार्ज कर लोगों को वहां से खदेड़ा, जिसके बाद देर रात स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई थी।
इन सबके बाद पुलिस ने ढूंढ—ढूंढ कर दहशतगर्दों को पकड़ने की कोशिश की और आधा दर्जन लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है। देर रात तक दहशतगर्दों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई करते हुए कई जगह छापे भी मारे गए।