सैपऊ(धौलपुर)। जिले में सैपऊ थाना क्षेत्र के कांकोली गांव में एक विवाहिता ने संदिग्ध परिस्थितियों के चलते गले में फांसी का फंदा लगाकर जीवन लीला समाप्त कर ली है। कमरे के अंदर फांसी के फंदे से लटका हुआ विवाहिता का शव मिला है। जिसको देख परिजनों में हड़कंप मच गया है। घटना को लेकर ससुराल पक्ष के लोगों ने मृतका के पीहर पक्ष को सूचना दी है। सूचना पाकर पीहर पक्ष के लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने ससुराल जनों पर दहेज की खातिर प्रताड़ित करते हुए हत्या करने का आरोप लगाया है।
जानकारी के मुताबिक प्रियंका पत्नी श्री कृष्णा गॉड निवासी कांकोली की फांसी के फंदे पर झूलने से मौत हो गई है। मृतका की शादी करीब 3 वर्ष पूर्व बसेड़ी के तुस्सीपुरा गांव से हुई थी। जिसके इकलौता करीब 4 माह का बेटा है। लोगों ने बताया कि आज वह घर पर अकेली थी परिवार के सभी लोग खेतों पर गए हुए थे मौका पाकर प्रियंका ने मौत के रास्ते को चुनते हुए फांसी के फंदे पर झूल कर जान दे दी है।
घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसडीएम विनोद मीणा, पुलिस उपाधीक्षक हिमांशु जांगिड़ थाना अधिकारी अभिजीत सिंह ने परिजनों से जानकारी ली और मृतका के शव का पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया।