कलराज मिश्र, गहलोत, वसुंधरा, पायलट ने बादल के निधन पर शोक जताया; जानें- क्या कहा?

जयपुर: राजस्थान के राज्यपाल कलराज मिश्र, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर मंगलवार को शोक व्यक्त किया.

मिश्र ने पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए एक बयान में कहा कि वह ईश्वर से पुण्यात्मा को शांति प्रदान करने और उनके परिजनों को यह दुःख सहने करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं.

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने बादल के निधन पर शोक जताते हुए शोक संतप्त परिवार के सदस्यों और शिरोमणी अकाली दल के सदस्यों के प्रति संवेदना जतायी. उन्होंने कहा कि बादल ने अपने राजनीति करियर के दौरान पंजाब के लोगों की अथक समर्पण के साथ सेवा की.

पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने ट्वीट किया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह जी बादल का निधन अत्यंत दुखद है. स्व. बादल साहब जीवन पर्यंत देश और पंजाब की सेवा में समर्पित रहे. वाहेगुरु दिवंगत की आत्मा को शांति दे व शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करें.

वहीं राज्य के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने ट्वीट किया कि पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल जी के निधन पर मैं गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूँ. ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल दें.