देश का 75वां गणतंत्र दिवस आज, पीएम मोदी ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं

नई दिल्लीः देशभर में आज 75 वां गणतंत्र दिवस मनाया जा रहा है. 26 जनवरी, 1950 को संविधान को अपनाने के साथ भारत ने खुद को एक संप्रभु, लोकतांत्रिक और गणतंत्र राज्य घोषित किया. इसी दिन को तब से गणतंत्र दिवस के रूप में मनाया जाता है. 

ऐसे में इस खास मौके पर पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी. ट्वीटर पर लिखा कि देश के अपने समस्त परिवारजनों को शुभकामनाएं. गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत शुभकामनाएं, जय हिंद !

वहीं अमित शाह ने गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी. समस्त देशवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं. मैं लोकतंत्र के इस पावन अवसर पर सभी स्वतंत्रता सेनानियों संविधान निर्माताओं और देश की एकता व अखंडता के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर जवानों को नमन करता हूं. 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू दूसरी बार राजपथ पर तिरंगा फहराएंगी. फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रॉन चीफ गेस्ट हैं. 13 हजार स्पेशल गेस्ट भी आएंगे. इस बार गणतंत्र दिवस की थीम 'विकसित भारत' और भारत-लोकतंत्र की मातृका रखी गयी है. 

परेड सुबह 10:30 बजे से शुरू होगी और लगभग 90 मिनट तक चलेगी. परेड की शुरुआत रायसीना हिल्स से होती है और वह राजपथ, इंडिया गेट से गुजरती हुई लालकिला तक जाती है. बड़ी संख्या में लोग परेड देखने के लिए राजपथ पर पहुंचते हैं. 

परेड का आगाज 100 महिला म्यूजिशियन शंख, नगाड़े और दूसरे पारंपरिक वाद्य-यंत्रों के साथ करने वाली है. 1500 महिलाएं अपने पारंपरिक पहनावे में परेड में लोक नृत्य करेंगी.