Rajya Sabha Elections 2026: BJP प्रत्याशी सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर ने भरा नामांकन, भाजपा ने दिखाई एकजुटता

जयपुर: राज्यसभा चुनाव नामांकन कार्यक्रम बीजेपी की एकता का परिचायक बन गया. बीजेपी के राज्यसभा उम्मीदवार डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अलका गुर्जर ने आज विधानसभा में नामांकन दाखिल किया. इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा, प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे , डिप्टी सीएम प्रेमचंद बैरवा सहित पार्टी के कई मंत्री, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे. नामांकन से पहले भाजपा मुख्यालय में दोनों उम्मीदवारों का सम्मान और स्वागत समारोह आयोजित किया गया. विधानसभा की हां पक्ष लॉबी में विधायक दल की बैठक में सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यों को जन-जन तक पहुंचाना हमारा कर्तव्य.

CM भजन लाल शर्मा ने राज्य के बीजेपी विधायकों और कार्यकर्ताओं से कहा है कि 12 साल विश्वास के, विकास के, जनकल्याण के’ कार्यक्रम में निभाएं सक्रिय भागीदारी. राज्यसभा चुनाव के तहत नामांकन कार्यक्रम से पहलेमुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विधानसभा की हां पक्ष लॉबी में विधायकों की बैठक ली. सीएम भजन लाल शर्मा ने कहा कि डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अल्का गुर्जर के अनुभव का फायदा अब प्रदेश के साथ देश को भी मिलेगा. दोनों का संसद के उच्च सदन में जाना राजस्थान के लिए गर्व का विषय है. सीएम ने कहा कि ग्राम विकास रथ और ग्राम विकास चौपाल जैसे कार्यक्रमों के जरिए अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का विकास सुनिश्चित किया जा रहा है. वहीं, वंदे गंगा जल संरक्षण जन अभियान द्वारा आमजन की भागीदारी के साथ जल संरक्षण को जल आंदोलन का रूप दिया गया है..विधायक दल की बैठक के बाद राज्यसभा प्रत्याशी डॉ. सतीश पूनिया और डॉ. अल्का गुर्जर ने रिटर्निंग अधिकारी भारत भूषण के समक्ष नामांकन पेश किया. इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे, उप-मुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्यमंत्री  जोगाराम पटेल, मुख्य सचेतक  जोगेश्वर गर्ग, राज्यसभा सांसद  मदन राठौड़, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार समेत बीजेपी नेता रहे मौजूद राज्यसभा उम्मीदवार डॉ. सतीश पूनिया ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने एक साधारण कार्यकर्ता पर भरोसा जताकर उसे देश की सर्वोच्च लोकतांत्रिक संस्थाओं में से एक में प्रतिनिधित्व का अवसर दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा में कार्यकर्ता ही संगठन की सबसे बड़ी ताकत है और पार्टी ने हमेशा समर्पण, मेहनत और संगठन के प्रति निष्ठा को सम्मान दिया है अलका गुर्जर ने कहा कि ये केवल व्यक्तिगत सम्मान नहीं बल्कि महिलाओं, समाज के वंचित वर्गों और संगठन के लाखों कार्यकर्ताओं का सम्मान है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने हमेशा महिलाओं को नेतृत्व और प्रतिनिधित्व के पर्याप्त अवसर दिए हैं और राज्यसभा में पहुंचकर वे महिला सशक्तिकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास से जुड़े विषयों को प्रमुखता से उठाने का प्रयास करेंगी. सतीश पूनिया की पत्नी, पुत्र और पुत्री समेत पूरा परिवार नामांकन के समय मौजूद था अलका सिंह गुर्जर के साथ उनके पति और पूर्व मंत्री नाथू सिंह गुर्जर उपस्थित थे.

विधानसभा पहुंचने से पहले बीजेपी उम्मीदवार बीजेपी प्रदेश मुख्यालय पहुंचे थे. बीजेपी प्रदेश टीम की ओर से सतीश पूनिया और अलका सिंह गुर्जर को तिलक लगाकर अभिनंदन किया गया. सीएम भजन लाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत,मदन राठौड़,अजेय कुमार,अरुण चतुर्वेदी समेत प्रमुख नेताओं की मौजूदगी रही.

बीजेपी प्रदेश मुख्यालय से विधानसभा तक दोनों प्रत्याशियों को सीएम भजन लाल शर्मा अपने EV वाहन में बैठाकर विधानसभा पहुंचे और नामांकन दाखिल कराया. इस पूरे घटनाक्रम के दौरान बीजेपी की एकजुटता की तस्वीर तब प्रस्तुत हुई जब बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने सीएम भजन लाल शर्मा,दोनों उम्मीदवारों , केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, उप मुख्यमंत्री दिया कुमारी, प्रेम चंद बैरवा समेत प्रमुख नेताओं को लड्डू खिलाया. विशेष तौर पर जयपुर के प्रसिद्ध भगत के लड्डू बनवाये गए थे. पूर्व सीएम वसुंधरा राजे सीधे विधानसभा पहुंची थी और नामाकंन दाखिले के वक्त मौजूद रही.