नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल, डोटासरा की हुई पुलिस से धक्का-मुक्की, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः नीट पेपर लीक और मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर कांग्रेस ने सड़कों पर मोर्चा खोल दिया है. दिल्ली से लेकर प्रदेशभर में कांग्रेस ने प्रदर्शन शुरु कर दिए है. राजधानी जयपुर में भी पार्टी ने पैदल मार्च निकाला. इस दौरान पुलिस औऱ नेताओं में खूब धक्का-मुक्की हुई. फिर वाटर कैनन से पानी छोड़ते हुए फोर्स ने प्रदर्शनकारियों को पीछे धकेला.

नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस अब सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर होती जा रही है. दो दिन से कांग्रेस के धरने औऱ प्रदर्शन जारी है. कल राहुल गांधी के दिल्ली में धरने के बाद अब कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन शुरु कर दिए हैं. जयपुर में भी पीसीसी ने हाईकमान के निर्देश पर आज भाजपा दफ्तर के घेराव का ऐलान किया. पहले सभी कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता पीसीसी में इकट्ठा हुए और फिर पैदल मार्च करते हुए बीजेपी दफ्तर की तरफ कूच किया. कांग्रेस के घेराव को देखते हुए पुलिस ने कड़े सुरक्षा के इंतजामात किए. कमिश्नरेट के पास थ्री लेयर सुरक्षा सिस्टम के जरिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोक लिया. इस दौरान खाकी और खादी में कई देर तक जोर आजमाइश होती रही. गोविंद डोटासरा और अशोक गहलोत ने पैदल मार्च को लीड किया. अशोक गहलोत ने कहा कि अब यह मुद्दा हर घर औऱ शहर में चर्चा का बिंदु बन चुका है.

करीब आधे घंटे तक पुलिस औऱ प्रदर्शनकारियों खींचतान चलती रही. पुलिस फोर्स ने चेन बनाकर प्रदर्शनकारियों को बैरिकेड्स के पास नहीं पहुंचने दिया. इस दौरान गोविंद डोटासरा औऱ पुलिस में धक्का मुक्की हो गई. समझाइश के बाद भी जब प्रदर्शनकारी पीछे हटने को तैयार नहीं हुए तो आखिर में फिर वाटर कैनन से तेज पानी की बौछार छोड़ी गई. डोटासरा ने कहा कि भाजपा चाहे कितना ही जोर लगा ले अब यह आंदोलन समाप्त नहीं होने वाला. मंत्री को पेपर लीक की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना ही पड़ेगा.

इससे पहले आज कांग्रेस ने तमाम 400 ब्लॉक मुख्यालय पर भी प्रदर्शन किया. वहीं सचिन पायलट ने भी झालाना में छात्रों की गूंज प्रोग्राम में युवाओं को संबोधित किया. कुल मिलाकर अब जब तक संसद सत्र जारी रहेगा कांग्रेस इस मुद्दे से अब पीछे हटते नहीं दिख रही. आगे भी कांग्रेस अलग अलग तरीकों से इस मसले पर प्रदर्शन जारी रखेगी.     

नीट पेपर लीक को लेकर कांग्रेस का हल्ला बोल
कांग्रेस ने सड़कों पर खोला सरकार के खिलाफ मोर्चा
जयपुर में कांग्रेस ने किया पैदल मार्च
कमिश्नरेट पर प्रदर्शनकारी और पुलिस हुए आमने सामने
गोविंद सिंह डोटासरा की हुई पुलिस से धक्का मुक्की
वाटर कैनन चलाकर प्रदर्शनकारियों को किया पुलिस ने पीछे
अशोक गहलोत सहित कईं विधायक हुए प्रदर्शन में शामिल