जयपुर के गठवाड़ी में बारिश के साथ करीब 10 मिनट गिरे ओले, 15 अक्टूबर तक राजस्थान में बारिश का अलर्ट

जयपुर के गठवाड़ी में बारिश के साथ करीब 10 मिनट गिरे ओले, 15 अक्टूबर तक राजस्थान में बारिश का अलर्ट

जयपुर : पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है. लूणकरणसर में एक इंच से ज्यादा बारिश से मौसम बदला है. 27 MM यानी करीब एक इंच बारिश लूणकरणसर में दर्ज की गई है. बीकानेर,चूरू और श्रीगंगानगर के कुछ इलाकों में ओले गिरे हैं.

जयपुर के गठवाड़ी में बारिश के साथ करीब 10 मिनट ओले गिरे. भोजपुरा, रतनपुरा, अजबपुरा और धलेर में बेर के आकार के ओले गिरे. आसपास के गांवों में भी बेर के आकार के ओले गिरने के समाचार हैं. अलनीनो के बीच राजस्थान में एक और मौसम सिस्टम सक्रिय हो गया है. विभाग का आज से 15 अक्टूबर तक प्रदेश में बारिश का अलर्ट है. 

मेघगर्जन के साथ कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. इन दिनों में दिन में तेज-तल्ख धूप तो वहीं रात में हल्की गुलाबी सर्दी है. प्रदेश के 10 शहरों में रात का तापमान 20 डिग्री से नीचे दर्ज किया है. लगातार सक्रिय सिस्टम से तापमान में 2 से 3 डिग्री गिरावट संभव है. सिरोही में 16.2 डिग्री और डबोक में 17.4 डिग्री न्यूनतम तापमान दर्ज किया है.