जयपुरः प्रदेश में झमाझम बारिश का दौर जारी है. मौसम विभाग ने मानसून की ताजा अपडेट जारी की. उत्तर पश्चिम MP व दक्षिणी-पश्चिमी UP के ऊपर वेल मार्क लो प्रेशर एरिया बना. मानसून ट्रफ लाइन आज भी श्रीगंगानगर व WML से होकर गुजर रही है. आज और कल पूर्वी व पूर्वी-उत्तरी भागों में कहीं-कहीं भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
आज भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग के जिलों में कहीं-कहीं भारी और एक दो स्थानों पर अति भारी बारिश होने की संभावना है. अजमेर, उदयपुर व बीकानेर संभाग के कुछ भागों में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है. 6 सितंबर को भरतपुर, जयपुर संभाग के कुछ भागों में मध्यम से कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है और कोटा, अजमेर, बीकानेर संभाग में हल्की मध्यम बारिश होने की संभावना है.
7 सितंबर से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी होने की संभावना है. हालांकि, भरतपुर, जयपुर व कोटा संभाग के कुछ भागों में हल्की-मध्यम बारिश की संभावना है. 8 सितंबर से एक सप्ताह पुनः बारिश का दौर थमने की प्रबल संभावना है