जयपुरः कारगिल विजय दिवस की पूर्व संध्या पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि उस दौरान जो स्थिति थी उसमें विजय हासिल की. इसके लिए मैं कारगिल युद्ध के शहीदों को सलाम करता हूं. हमारे सैनिकों ने हर चोटी पर तिरंगा फहराने का काम किया है.
हमारे जवानों के जोश को पूरा देश सलाम करता है. सभी वीर नारियों-वीर माताओं को नमन करता हूं. हमारी सेना आधुनिक तकनीक से सुसज्जित हो रही है. सेना के क्षेत्र में हम आत्म निर्भर भारत की तरफ बढ़ रही है. सेना का जवान कभी सेवानिवृत्त नहीं होता. सैनिकों को युवाओं के बीच अपने संस्मरण सुनाने चाहिए. ताकि युवा में भी देश सेवा का जज्बा पैदा हो सके.
सैनिक कल्याण मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि जो देश अपने वीरों को याद करता है वहां वीरों की कमी नहीं होती. कारगिल युद्ध सैन्य विजय नहीं बल्कि भारत के व्यक्तित्व की विजय थी. नमक, नाम और निशान से जज्बा आता है. अब हमको एक नई लड़ाई लड़ने के लिए तैयार रहना होगा.