जैसलमेर में बड़ा हादसा, चलती पिकअप में लगी भीषण आग, वाहन जलकर राख... मची अफरा-तफरी

जैसलमेरः जैसलमेर के रामगढ़ में चलती पिकअप में भीषण आग लगी. हादसे में वाहन जलकर राख हो गया. रामगढ़ से 40 किमी दूर आसुतरा मार्ग की ये घटना है. चलती पिकअप में अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मची. आग की चपेट में आने से पूरी पिकअप गाड़ी जलकर राख हो गई. 

पिकअप वाहन मालिक जावेदराम भील का बताया जा रहा है. चलती गाड़ी में अचानक आग लगने से वाहन मालिक को भारी नुकसान हुआ. गाड़ी के इंजन में खराबी के चलते आग लगने की आशंका है. हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है.    

मौके पर मौजूद भारतीय सेना के जवानों ने आग बुझाने का प्रयास किया. सेना के जवानों ने जेसीबी की मदद से रेत डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की. लेकिन तब तक पूरी पिकअप गाड़ी जल चुकी थी, उसे बचाया नहीं जा सका. गनीमत रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है.