जयपुर : प्रधानमंत्री मोदी के 'मन की बात' में राजस्थान का जिक्र हुआ. 133वें 'मन की बात' कार्यक्रम में राजस्थान को देश के विकास का नया इंजन बताया. राजस्थान की रेत और यहां की हवाओं से पैदा हो रही 'अदृश्य शक्ति' का लोहा माना. मोदी ने राजस्थान को पवन ऊर्जा के क्षेत्र में देश का नेतृत्व करने वाला राज्य बताया.
गुजरात, तमिलनाडु और महाराष्ट्र के साथ राजस्थान का नाम प्रमुखता से लेते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज पवन ऊर्जा उत्पादन क्षमता में 56 गीगावाट के आंकड़े को पार कर चुका है. जहां रेगिस्तान और वीराना था आज वहां विशाल रिन्यूवल एनर्जी पार्क खड़े हो रहे हैं. प्रधानमंत्री मोदी ने इसे युवाओं के लिए रोजगार का नया द्वार भी करार दिया.
प्रधानमंत्री मोदी की सराहना से मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा गदगद नजर आए. खुशी जाहिर करते हुए प्रदेश के भविष्य के लिए एक बड़ा टर्निंग पॉइंट बताते हुए कहा कि प्रदेश के लिए गर्व का विषय है नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा. राज्य सरकार प्रदेश में ऊर्जा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और युवाओं को इस क्षेत्र में बड़े अवसर प्रदान करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है. सीएम ने प्रदेशवासियों से स्वच्छ और हरित भविष्य के लिए योगदान देने की अपील की.