जयपुर: राजस्थान के निजी अस्पतालों में 24 घंटे का शटडाउन किया गया है. निविक हॉस्पिटल संचालक डॉ.सोनदेव बंसल की गिरफ्तारी के विरोध में लामबंद निजी अस्पताल संचालक और चिकित्सक हैं. IMA राजस्थान की आपात बैठक में आंदोलन का ऐलान किया गया है.
IMA राजस्थान अध्यक्ष डॉ.महेश शर्मा, सचिव डॉ. एन.के. अग्रवाल, जोनल सचिव डॉ.अनुराग शर्मा, चिकित्सक नेता डॉ.संजीव गुप्ता ने नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि इस प्रकरण में गठित मेडिकल बोर्ड ने कोई गड़बड़ी नहीं पकड़ी. बावजूद इसके RGHS की कथित लघु अनियमितता पर गिरफ्तारी चिंताजनक है.
बैठक के निर्णय के मुताबिक कल सुबह 8 बजे से राजस्थान के निजी अस्पताल बंद रहेंगे. अगले 24 घंटे तक यानी 15 अप्रैल सुबह 8 बजे तक सभी निजी हॉस्पिटल बंद रहेंगे. इस दौरान निजी अस्पतालों में इमरजेंसी सेवाएं भी बंद रखने का ऐलान किया गया है. इसके अलावा सरकारी डॉक्टर्स अपने स्तर पर विरोध दर्ज कराएंगे.