VIDEO: राजस्थान कांग्रेस संगठन के कामकाज की समीक्षा, संगठन में नियुक्तियों और खाली पदों का रिपोर्ट कार्ड किया पेश, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान कांग्रेस संगठन की कल दिल्ली में हुई समीक्षा बैठक में कईं मसलों पर मंथन हुआ.बैठक में एक बड़ा फैसला यह हुआ कि विवादों से बचने के लिए अब शेष कुछ जिलों की कार्यकारिणी निकाय-पंचायत चुनाव बाद जारी होगी.वहीं बैठक में पीसीसी में बदलाव को लेकर भी कोई चर्चा नहीं हुई.ऐसे में माना जा रहा है कि अब पीसीसी में भी फेरबदल होल्ड हो सकता है.

राजस्थान कांग्रेस को लेकर कल दिल्ली में हाईकमान ने मंथन किया.बैठक में संगठन महासचिव वेणुगोपाल ने हर विषय पर नेताओं के साथ विस्तार से चर्चा की.पीसीसी चीफ ने जिलों से लेकर बूथ लेवल तक हुई नियुक्तियां और खाली पदों का ब्यौरा वेणुगोपाल के सामने रखा.वहीं निकाय औऱ पंचायत चुनाव की रणनीति के बारे में भी जानकारी दी.साथ ही धरने-प्रदर्शन औऱ बैठक आय़ोजित करने का रिपोर्ट कार्ड भी पेश किया.वहीं जिला अध्यक्षों की परफोर्मेंस पर चर्चा की गई.

राजस्थान कांग्रेस संगठन के कामकाज की समीक्षा:
-संगठन में हुई नियुक्तियों की का रिपोर्ट कार्ड किया पेश
-खाली पड़े पदों पर अपॉइंटमेंट करने पर भी हुआ मंथन
-निकाय औऱ पंचायत चुनाव की रणनीति का दिया ब्यौरा
-बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी में फेरबदल को लेकर नहीं हुई कोई चर्चा
-अब चुनाव से पहले शेष जिलों की कार्यकारिणी गठन नहीं करने का हुआ फैसला
-विवाद से बचने के लिए चुनाव बाद होगा अब कई जिलों में नई टीम का गठन
-भंग पड़े विभाग और प्रकोष्ठों का जल्द गठन करने का हुआ निर्णय 
-जिला अध्यक्षों की परफॉर्मेंस रिपोर्ट भी रखी गई बैठक में
-वार रुम चेयरमैन सेंथिल ने जिला अध्यक्षों के कामकाज के बारे में दी रिपोर्ट
-मीटिंग, धऱने,प्रदर्शन और अन्य मूवमेंट की प्रगति रिपोर्ट पर भी हुई चर्चा
-तीनों सह प्रभारियों के दौरे और बैठक की भी ली गई डिटेल 

कुल मिलाकर राजस्थान कांग्रेस के संगठन सृजन के तहत हुई नियुक्तियों को लेकर वेणुगोपाल ने फिर पीठ थपथपाई.हालांकि प्रदेश कांग्रेस कमेटी में बदलाव को लेकर बैठक में कोई चर्चा नहीं हुई.ऐसे में माना जा रहा है कि चुनाव के चलते यह बदलाव अब ठंडे बस्ते में जा सकता है.बैठक में गोविंद डोटासरा ने वेणुगोपाल से कहा कि कुछ जिलों में अगर अब कार्यकारिणी सूची जारी करेंगे तो इससे विवाद पैदा हो सकता है.ऐसे में वेणुगोपाल ने चुनाव बाद सूची जारी करने की हरी झंडी प्रदेश नेतृत्व को दे दी.जयपुर शहर,बाड़मेर,खैरथल-तिजारा और अलवर जैसे कई जिलों की कार्यकारिणी अब चुनाव बाद ही आने की संभावना है.

आपको बता दे कि कांग्रेस हाईकमान इन दिनों दिल्ली में लगातार हर राज्य के कांग्रेस संगठन के कामकाज की समीक्षा कर रहा है.अब तक एक दर्जन से ज्यादा राज्यों की बैठक हो चुकी है.सभी राज्यों से फीडबैक लेने के बाद हाईकमान कुछ नए दिशा निर्देश संगठन को लेकर फिर जारी कर सकता है.लेकिन कुल मिलाकर कल की बैठक में कांग्रेस हाईकमान राजस्थान संगठन के कामकाज को लेकर खुश है.