देहरादून: उत्तराखंड में पवित्र चार धाम यात्रा का शुभारंभ रविवार से हो गया है. अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर गंगोत्री धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट विधिवत पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए. कपाट खुलते ही हजारों भक्त दर्शन के लिए पहुंचने लगे.
मंदिर परिसर “जय मां गंगे” और “जय मां यमुना” के जयकारों से गूंज उठा. प्रशासन और मंदिर समितियों ने यात्रियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की हैं, जिसमें चिकित्सा शिविर, पुलिस तैनाती और यातायात नियंत्रण शामिल हैं.
अब श्रद्धालुओं की नजरें अन्य दो धामों-केदारनाथ मंदिर और बद्रीनाथ मंदिर-के कपाट खुलने पर टिकी हैं. परंपरा के मुताबिक, केदारनाथ धाम के कपाट कुछ दिनों बाद खुलेंगे, जबकि बद्रीनाथ धाम के कपाट भी जल्द ही श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे.
हर साल लाखों श्रद्धालु इस यात्रा में शामिल होते हैं .इस बार भी बड़ी संख्या में भक्तों के आने की उम्मीद है, जिससे स्थानीय पर्यटन और अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा. यात्रा पर जाने से पहले मौसम की जानकारी, स्वास्थ्य जांच और पंजीकरण जरूर कर लें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे.