नई दिल्ली : असम में सुखोई-30 क्रैश हो गया है. असम के कार्बी आंगलोंग जिले में एयरफोर्स का सुखोई SU-30MKI विमान क्रैश हुआ है. जोरहाट से उड़ान भरते समय शाम 7 बजे चोकीहोला के पास विमान क्रैश हुआ.
कार्बी आंगलोंग की पहाड़ियों में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दी. धमाके के बाद पहाड़ियों से धुएं का गुबार उठता देख आसपास के गांवों में दहशत फैली. चोकीहोला के अंतर्गत आने वाले पहाड़ी इलाके की भौगोलिक स्थिति बेहद कठिन है. जिससे मौके पर पहुंचना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है.
विमान हादसे में एक लड़ाकू पायलट के लापता होने की खबर है. हालांकि वायुसेना की ओर से अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पायलट की तलाश में बड़े पैमाने पर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया है. रात का समय और दुर्गम इलाका होने के कारण सर्च में काफी दिक्कत आ रही है.