नई दिल्लीः अहमदाबाद में आज T-20 वर्ल्ड कप फाइनल खेला जाना है. भारत और न्यूजीलैंड के बीच खिताबी मैच खेला जाना है. ऐसे में मैच को लेकर जबरदस्त क्रेज है. इसको लेकर जयपुर के क्रिकेट प्रेमियों में भी खासा उत्साह का माहौल है. यहीं कारण है कि जयपुर से अहमदाबाद जाने वाली फ्लाट्स का किराया 3 गुना बढ़ा दिया गया है.
जयपुर से अहमदाबाद के लिए इंडिगो की रोजाना 4 फ्लाइट संचालित होती है. शनिवार और रविवार की उड़ानों का किराया 13,764 रुपए कर दिया गया है. जबकि आमतौर पर 4500 से 5000 रुपए तक अहमदाबाद का किराया होता है. रेलवे ने दर्शकों के क्रेज को देखते हुए T-20 वर्ल्ड कप स्पेशल ट्रेन चलाई है.
दोनों टीमें पहली बार फाइनल में भिड़ेंगी:
टूर्नामेंट में आज खिताबी मुकाबला खेला जाना है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत और न्यूजीलैंड के बीच फाइनल खेला जाएगा. जहां दोनों ही टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिलने वाली है खास बात ये है कि दोनों टीमें पहली बार फाइनल में भिड़ेंगी. एक ओर जहां दो बार की चैंपियन टीम इंडिया आज चौथी बार फाइनल खेलेगी. दूसरी तरफ न्यूजीलैंड का दूसरा फाइनल होगा.
भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारीः
वहीं बात करें दोनों टीमों के बीच टक्कर की तो टी-20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत का पलड़ा न्यूजीलैंड पर भारी रहा. लेकिन टी-20 वर्ल्ड कप में तस्वीर बिल्कुल अलग है. टूर्नामेंट के इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक तीन मुकाबले हुए और तीनों में न्यूजीलैंड ने जीत दर्ज की. दोनों टीमों के बीच 2007, 2016 और 2021 में मैच खेले गए थे.