जयपुर : बीजेपी प्रदेश प्रभारी राधा मोहन दास अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए कहा कि राजस्थान की राजनीतिक-सामाजिक परिवेश में महिलाओं की बहुत अहम भूमिका रही है. नारायणी देवी वर्मा, जानकी देवी बजाज, हाड़ी रानी कर्मावती और पद्मावती, पन्ना ढाई और अमृता देवी इन सबने राजस्थान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
पीएम मोदी जब नारी शक्ति वंदन अधिनियम में संशोधन बिल लेकर आए तो महिलाओं को आरक्षण का इंतजार नहीं करना पड़े जल्दी से जल्दी महिलाओं को आरक्षण दिया जाए. लेकिन कांग्रेस ने इसमें रोड़े अटकाए. हमने तय किया है महिलाओं का आरक्षण हमारा सैद्धांतिक विषय है. देश के विकास की कल्पना बिना महिलाओं के लिए नहीं की जा सकती. कांग्रेस चाहे कितना भी अवरोध कर ले हम इसे लागू करके रहेंगे.
हमने राजस्थान को वसुंधरा राजे के तौर पर प्रभावी मुख्यमंत्री दिया. वर्तमान में हमने दीया कुमारी को उपमुख्यमंत्री बनाया. दिल्ली में हमने सुषमा स्वराज को सीएम बनाया. यूपी में हमने मायावती को तीन बार समर्थन दिया. वसुंधरा राजे को लेकर बोले प्रभारी अग्रवाल ने कहा कि वसुंधरा राजे का जो नकली पत्र सामने आया है. उसको हम गंभीरता से ले रहे हैं. जिसने भी यह काम किया है उसे चिन्हित किया जाएगा. उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी. प्रशासनिक अमला भी इस पर कार्रवाई कर रहा है.