राज्यव्यापी नाकाबंदी में 40 हजार वाहनों की जांच, 15 हजार से ज्यादा चालान, नियम तोड़ने वालों पर बड़ा एक्शन, देखिए खास रिपोर्ट

जयपुरः पुलिस महानिदेशक  राजीव कुमार शर्मा के निर्देशों पर 1 जून 2026 को पूरे प्रदेश में विशेष राज्यव्यापी नाकाबंदी अभियान चलाया गया. इस दौरान पुलिस ने यातायात नियमों के उल्लंघन, अवैध गतिविधियों और अपराधियों पर शिकंजा कसते हुए व्यापक कार्रवाई की. अभियान के तहत राज्यभर में लगभग 40 हजार वाहनों की जांच की गई तथा हजारों लोगों के खिलाफ चालान और कानूनी कार्रवाई की गई.

पुलिस मुख्यालय के अनुसार विशेष नाकाबंदी के दौरान कुल 39,984 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 34,888 दोपहिया वाहन शामिल रहे. अभियान के दौरान यातायात नियमों और विभिन्न कानूनों के उल्लंघन पर 15,083 चालान एवं अन्य कार्रवाइयाँ की गईं.सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस की सख्ती का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 3,234 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई. वहीं बिना सीट बेल्ट वाहन चलाने पर 1,648 वाहन चालकों के चालान काटे गए. वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग करने वाले 184 चालकों पर भी जुर्माना लगाया गया.पुलिस ने वाहन पहचान और सुरक्षा मानकों के उल्लंघन पर भी कड़ा रुख अपनाया. अभियान के दौरान बिना या अस्पष्ट नंबर प्लेट वाले 1,653 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई. इसके अलावा नियमों के विपरीत काली फिल्म लगे 1,643 वाहनों के चालान बनाए गए. सड़क दुर्घटनाओं की बड़ी वजह माने जाने वाले नशे में वाहन चलाने के मामलों में भी पुलिस ने सख्ती दिखाई और 385 व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई की गई.   

नाकाबंदी के दौरान कानून-व्यवस्था से जुड़े मामलों में भी उल्लेखनीय सफलता मिली. पुलिस ने विभिन्न मामलों में 63 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि 163 व्यक्तियों को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया गया, अभियान के दौरान पुलिस ने विभिन्न कानूनों के तहत 73 एफआईआर दर्ज कीं. इनमें 30 मामले आबकारी अधिनियम, 4 मामले आर्म्स एक्ट, 2 मामले एनडीपीएस एक्ट तथा 37 मामले अन्य विशेष एवं स्थानीय कानूनों से संबंधित रहे. कार्रवाई के दौरान 11 वाहनों को जब्त किया गया तथा बड़ी मात्रा में अवैध शराब, डोडा-पोस्त और अन्य प्रतिबंधित सामग्री बरामद की गई.क्षेत्रवार आंकड़ों में जयपुर रेंज सबसे आगे रही, जहां 2,492 कार्रवाइयाँ दर्ज की गईं. वहीं अवैध सामग्री और जब्ती की दृष्टि से अजमेर रेंज में 49 तथा उदयपुर रेंज में 24 प्रमुख जब्ती की कार्रवाइयाँ सामने आईं.