जयपुर : मिडिल ईस्ट के युद्ध हालातों के बाद गैस सिलेंडरों की किल्लत पर राजस्थान सरकार अलर्ट है. LPG किल्लत को लेकर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान में गैस एवं पेट्रोलियम पदार्थों की कोई कमी नहीं है.
प्रदेश में सप्लाई निरंतर जारी रहेगी. मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग और तीनों कंपनियों से कहा कि डिस्ट्रीब्यूटर को हिदायत देंवे कि वह कालाबाजारी से बचें. सरकार ने खाद्य नागरिक आपूर्ति विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी है. अधिकारियों को LPG की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ सख्त एक्शन की भी हिदायत दी है.
LPG की निर्बाध आपूर्ति के लिए बनाई स्पेशल एनफोर्समेंट टीम:
बता दें कि राजस्थान LPG की निर्बाध आपूर्ति के लिए खाद्य विभाग ने स्पेशल एनफोर्समेंट टीम बनाई है. फील्ड में आ रही दिक्कतों के बाद आखिरकार DSO को जिम्मेदारी सौंपी है. LPG अवैध संग्रहण और कालाबाजारी की आशंका को देखते हुए आदेश जारी किए गए हैं. अतिरिक्त खाद्य आयुक्त पूनम प्रसाद सागर ने सभी DSO को पत्र लिखा है. जिला स्तर पर विभाग के प्रवर्तन अधिकारी, निरीक्षक, स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की स्पेशल एनफोर्समेंट टीम के गठन के निर्देश दिए हैं.
टीम को जिले में घरेलू एवं व्यावसायिक सिलेंडरों की मांग व आपूर्ति की मॉनिटरिंग, कालाबाजारी, अवैध भंडारण तथा रिफिलिंग की सूचना पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.प्रत्येक जिला रसद अधिकारी एवं उनके अधीनस्थ जांच दल को जिम्मेदारी सौंपी गई है. क्षेत्र में प्रति सप्ताह न्यूनतम 2 गैस एजेंसियों का अनिवार्य रूप से सघन भौतिक निरीक्षण, साथ ही स्टॉक रजिस्टर व वास्तविक स्टॉक का मिलान करने का टास्क दिया गया है.
इस दौरान यदि किसी गैस एजेंसी, वेंडर या अन्य व्यक्ति की तरफ से सिलेंडरों की जमाखोरी, कृत्रिम अभाव पैदा करना या निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर विक्रय पाया जाता है, तो संबंधित के विरुद्ध आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.