VIDEO: NTPC नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का आगाज़, गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने किया उद्घाटन, देखिए ये खास रिपोर्ट

जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर इन दिनों देश के शीर्ष तीरंदाजों का केंद्र बना हुआ है. भारतीय तीरंदाजी संघ और राजस्थान तीरंदाजी संघ के संयुक्त तत्वावधान में प्रथम NTPC नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का भव्य आगाज़ हुआ है. देशभर से राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी इस प्रतियोगिता में हिस्सा ले रहे हैं. पहले दिन रैंकिंग राउंड हुए, जबकि दूसरे दिन मेडल मुकाबले खेले जाएंगे. धनुष की डोरी पर तना आत्मविश्वास.तीर की उड़ान में छिपे बड़े सपने.और हर निशाने के पीछे वर्षों का कठिन अभ्यास. जब धनुष पर चढ़ता है तीर, तो सिर्फ एक निशाना नहीं, बल्कि सालों की मेहनत, अनुशासन और जुनून भी उड़ान भरता है. जयपुर इन दिनों ऐसी ही खेल भावना का गवाह बना है, जहां देश के नामी तीरंदाज राष्ट्रीय रैंकिंग की जंग लड़ रहे हैं. 

मौका है जगतपुरा तीरंदाजी अकादमी में शुरू हुई प्रथम NTPC नेशनल रैंकिंग तीरंदाजी प्रतियोगिता का. यहां देशभर के नामी तीरंदाज अपना निशाना साध रहे हैं. प्रतियोगिता का उद्घाटन राजस्थान सरकार के गृह राज्य मंत्री जवाहर सिंह बेढम ने किया. समारोह में भारतीय तीरंदाजी संघ के पदाधिकारी, खेल विशेषज्ञ और बड़ी संख्या में खिलाड़ी मौजूद रहे. बेडम ने खुद भी तीर चलाए और खिलाड़ियों को भी पदक पर निशाना साधने के लिए उत्साहवर्धित किया. कहा - सरकार उनके लिए हर सुविधाएं विकसित करने को तैयार है.

प्रतियोगिता के पहले दिन सीनियर पुरुष और महिला रिकर्व तथा कंपाउंड वर्ग के रैंकिंग राउंड आयोजित किए गए. आयोजन समिति के मुताबिक खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप शूटिंग रेंज, तकनीकी स्कोरिंग सिस्टम, चिकित्सा और सुरक्षा सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. दूसरे दिन स्वर्ण पदक के लिए रोमांचक मुकाबले होंगे.

राष्ट्रीय रैंकिंग प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं. यहां से कई प्रतिभाएं भविष्य में एशियाई खेलों और ओलंपिक तक पहुंचेंगी. राजस्थान तीरंदाजी संघ का मानना है कि इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता से प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को देश के शीर्ष तीरंदाजों से सीखने और अपनी प्रतिभा को निखारने का अवसर मिलेगा. प्रतियोगिता में कई अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय पदक विजेता खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं, जिससे मुकाबले और भी रोमांचक होने की उम्मीद है.