RCA Election 2026: 29 सितंबर को मतदान, ढाई साल बाद खत्म हुआ चुनावी गतिरोध

जयपुर: राजस्थान हाईकोर्ट के सख्त निर्देश के बाद आखिरकार सरकार ने राजस्थान क्रिकेट संघ के चुनाव का ऐलान कर दिया है. सात सितंबर से आरसीए की चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है और 29 सितंबर को संघ के चुनाव होंगे. इसके साथ ही राजस्थाान क्रिकेट में सत्ता का संघर्ष शुरू हो गया है. 

करीब ढाई साल से राजस्थान क्रिकेट संघ में चला आ रहा चुनावी गतिरोध अब खत्म होने की ओर है. राजस्थान हाईकोर्ट के आदेश के बाद सरकार ने चुनाव का एलान कर दिया है. आरसीए में तैनात प्रशासक भास्कर सावंत और  चुनाव अधिकारी एके पांडे ने चुनावी कार्यक्रम जारी कर दिया है.

--- आरसीए के चुनाव का ऐलान --- 
-चुनावी नोटिस के साथ ही वोटर लिस्ट हुई जारी
-12 से 14 सितंबर तक मतदाता सूची पर आपत्तियां दर्ज कराई जा सकेंगी
-17 से 18 सितंबर तक इन आपत्तियों पर सुनवाई होगी
-22 सितंबर को अंतिम मतदाता सूची जारी होगी
-23 से 26 सितंबर को नामांकन दाखिल किए जाएंगे
-27 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और पात्र उम्मीदवारों की सूची जारी की जाएगी
-उम्मीदवार 28 सितंबर तक नाम वापस ले सकेंगे
-अगर मुकाबला बना रहता है तो 29 सितंबर को मतदान होगा इसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिए जाएंगे

इस बार RCA के चुनाव में तीन नए जिलों की एंट्री हुई है. खैरथल-तिजारा, कुचामन-डीडवाना और बालोतरा को वोटर लिस्ट में शामिल किया गया है.  इसके साथ ही RCA में चुनावी समीकरण भी बदल गए हैं. 36 जिला सचिवों के अलावा राजस्थान से भारत के लिए खेल चुके पंकज सिंह और गगन खोड़ा को भी वोटिंग राइट हासिल है. यानी अब RCA की सियासत में वोटों का गणित पहले से ज्यादा दिलचस्प हो गया है. जिलों के स्तर पर बैठकों का दौर, समर्थकों की लामबंदी और वोटों के समीकरण साधने की कवायद तेज होने वाली है. अब नजरें 22 सितंबर पर रहेंगी, जब अंतिम मतदाता सूची सामने आएगी. इसके बाद नामांकन और नाम वापसी के साथ RCA की तस्वीर और साफ होगी. अगर मुकाबला हुआ तो 29 सितंबर को सिर्फ वोट नहीं पड़ेंगे, बल्कि राजस्थान क्रिकेट की अगली सत्ता का फैसला भी होगा.