जली हुई हालत में मिले दो श्रमिकों के शव, पहचान कर पाना मु​​श्किल, कल देर रात पाली में ग्वार गम की फैक्ट्री में लगी थी आग

जली हुई हालत में मिले दो श्रमिकों के शव, पहचान कर पाना मु​​श्किल, कल देर रात पाली में ग्वार गम की फैक्ट्री में लगी थी आग

पाली: पाली शहर के औद्योगिक थाना इलाके ग्रेनाइट इंडस्ट्रियल एरिया में संचालित ग्वार गम की फैक्ट्री में देर रात्रि आग लग गई. इस आग में झुलसने की वजह से दो श्रमिकों की मौत हो गई. वहीं 3 झुलसे श्रमिकों का जोधपुर महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज जारी है. अग्निशमन दल के फायर टीम ने फैक्ट्री में रेस्क्यू अभियान संचालित कर मलबे में फंसे दो श्रमिकों के शव बाहर निकाले है.  

आपको बता दें कि पाली औद्योगिक थाना क्षेत्र में संचालित गवार गम की फैक्ट्री में गत रात्रि 12:00 बजे के करीब लिफ्ट के अंदर शॉर्ट सर्किट से आग लग गई थी. आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया था. इस आग में 3 श्रमिक झूलस गए थे जो जली हालत में सड़क पर मिले जिन्हें उपचार के लिए पाली के बांगड़ अस्पताल भेजा, जहां से इन्हे इलाज  के लिए जोधपुर रैफर कर दिया गया, जहां नाजुक स्थिति में इलाज जारी है. वहीं 12 घंटे बाद अग्निशमन के 10 वाहनों ने आग पर काबू पाया है. लेकिन अभी भी मलबे के अंदर धीरे-धीरे आग लग रही है. 

वहीं जान जोखिम में डालकर अग्निशमन टीम ने जो दो श्रमिक नहीं मिल रहे थे उनकी तलाश को लेकर अभियान शुरू किया, जहां इस अभियान के तहत बुरी तरह झूलस कर मारे गए दो श्रमिकों के शव मिले हैं, जिन्हें बांगड़ अस्पताल की मोर्चरी में भेजा है. घटना की सूचना पर फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची है. 

पुलिस उप अधीक्षक मंगलेश चुंडावत भी मौके पर मौजूद रही. घटना को लेकर औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है. फैक्ट्री में आग किन कारण से लगी और आग बुझाने के क्या साधन उपलब्ध थे? इसे लेकर भी जांच पड़ताल की जा रही है. आग की लपटों में फंसकर श्रमिक इस कदर झूलसे हैं कि उनकी पहचान करना मुश्किल हो चुका है.