राजभर का अखिलेश पर तीखा हमला, बोले- 'पिता-मुलायम और सगे चाचा का सम्मान नहीं किया, रामपुर वाले चचा को क्या देंगे?' आजम खान को लेकर सपा पर साधा निशाना

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने आजम खान और अखिलेश यादव के रिश्तों को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव और सगे चाचा तक को राजनीतिक रूप से अहमियत नहीं दी. ऐसे में आजम खान के साथ उनके व्यवहार पर सवाल उठना लाजिमी है.
विस्तार में

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है. राजभर ने आजम खान और अखिलेश यादव के रिश्तों को लेकर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि अखिलेश ने अपने पिता मुलायम सिंह यादव और सगे चाचा तक को राजनीतिक रूप से अहमियत नहीं दी. ऐसे में आजम खान के साथ उनके व्यवहार पर सवाल उठना लाजिमी है.

राजभर ने कहा कि आजम खान जेल से बाहर आ चुके हैं, लेकिन अखिलेश यादव ने उनसे मुलाकात तक नहीं की और न ही कोई दुआ-सलाम की. इतना ही नहीं, मुलायम सिंह यादव की जयंती पर भी आजम खान को लखनऊ नहीं बुलाया गया. इसी को लेकर राजभर ने तंज कसते हुए कहा- 'जब पिता और चाचा का सम्मान नहीं किया तो रामपुर वाले चचा को क्या देंगे?'

'अखिलेश को लगने लगा है आजम खान दग चुकी गोली':
राजभर ने आरोप लगाया कि अखिलेश यादव को अब लगने लगा है कि आजम खान उनके लिए 'दग चुकी गोली' बन गए हैं. उन्होंने कहा कि एक समय था जब आजम खान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के लिए महत्वपूर्ण राजनीतिक भूमिका निभाते थे और पार्टी के मुस्लिम चेहरों में उनकी मजबूत पहचान थी.

सपा के MY समीकरण पर भी कसा तंज:
ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के मुस्लिम-यादव (MY) समीकरण पर भी निशाना साधा. उन्होंने तंज भरे अंदाज में कहा- 'भाई स्थायी, चारा का चेहरा बदलता रहता है. कभी आजम खान थे, अब कोई और है.'

आजम खान के बयान का जिक्र कर अखिलेश को दी नसीहत:
राजभर ने आजम खान के उस बयान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने 'बिकने को तैयार' होने की बात कही थी. इस बयान के संदर्भ में राजभर ने अखिलेश यादव को सतर्क रहने की सलाह दी.