उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में सोमवार को तीन अलग-अलग स्थानों पर हुए भीषण सड़क हादसों से हड़कंप मच गया. लखनऊ, मुजफ्फरनगर और चित्रकूट में हुए हादसों में कुल 10 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दर्जनों लोग घायल हुए हैं. मुजफ्फरनगर में डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकराने के बाद एक कार में भीषण आग लग गई, जिससे कार सवार छह लोगों की जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई. वहीं, चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से चार लोगों की जान चली गई और 12 लोग घायल हो गए. लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई, जिसमें बड़ी संख्या में यात्री घायल हुए हैं.
मुजफ्फरनगर में कार बनी आग का गोला, 6 लोगों की जिंदा जलकर मौत
मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब 4 बजकर 50 मिनट पर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. जागाहेड़ी टोल के आगे फ्लाईओवर पर तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर और बिजली के खंभे से टकरा गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार में आग लग गई. देखते ही देखते आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया. कार में सवार छह लोग आग की लपटों के बीच फंस गए और बाहर नहीं निकल सके.
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पाया और पुलिस ने कार सवारों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सभी छह लोगों को मृत घोषित कर दिया. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक कार सवार हरियाणा से हरिद्वार की ओर जा रहे थे. पुलिस मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है. हादसे के कारणों की जांच भी की जा रही है.
चित्रकूट में श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटी, 4 की मौत
दूसरा बड़ा हादसा चित्रकूट जिले में हुआ. यहां रैपुरा थाना क्षेत्र के रामनगर के पास झांसी-मिर्जापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे में दो बच्चों समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 अन्य घायल हो गए. जानकारी के अनुसार श्रद्धालु धार्मिक आयोजन में शामिल होने के बाद लौट रहे थे. इसी दौरान ट्रैक्टर और ट्रॉली को जोड़ने वाला हुक टूट गया, जिससे ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. इनमें पांच लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए प्रयागराज रेफर किया गया, जबकि सात अन्य घायलों का स्थानीय अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है.
लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर पलटी बस, दर्जनों यात्री घायल
तीसरा भीषण सड़क हादसा राजधानी लखनऊ में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर हुआ. यहां यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर खाई में पलट गई. हादसा पारा थाना क्षेत्र में हुआ. बस में बच्चों समेत बड़ी संख्या में यात्री सवार थे. हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक करीब 35 लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई थी, हालांकि बाद की रिपोर्ट में घायलों की संख्या करीब 45 बताई गई है. बस दुर्घटना में हताहतों की अंतिम संख्या की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है.