गोरखपुर: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के महानवमी के मौके पर कन्या पूजन किया. यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज शारदीय नवरात्रि की नवमी तिथि है. मां भगवती का नवम स्वरूप सभी प्रकार की सिद्धियों को प्रदान करने वाला है.
सीएम योगी ने कहा कि मेरा सौभाग्य है कि आज मुझे इस पावन परंपरा के साथ शारदीय नवरात्रि के नवमी तिथि के अवसर पर कन्याओं का पूजन और उन्हें भोजन कराने का अवसर प्राप्त हुआ है.सभी देवी मंदिरों में हर जगह श्रद्धालुओं की भारी भीड़ लगी हुई है.
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल विजयादशमी है, मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की विजय का उत्सव है. अधर्म, असत्य और अन्याय के प्रतीक रावण पर धर्म, सत्य और न्याय की विजय प्रभु श्रीराम के अभियान का हिस्सा है.
सीएम योगी ने कहा कि विजयादशमी के लिए प्रदेश में हर जगह व्यापक तैयारियां की गई हैं. सुरक्षा की भी पुख्ता व्यवस्था है. हर जगह यातायात प्रबंधन की व्यवस्था है. विभिन्न जगहों पर रामलीलाओं के आयोजन हो रहे हैं.मेरी सभी से अपील है कि आयोजन उत्साहपूर्ण तरीके से होना चाहिए और उस माहौल में सुरक्षा की अनदेखी नहीं होनी चाहिए.