यूपी चुनाव 2027 में कृष्ण जन्मभूमि बनेगा BJP का बड़ा मुद्दा, केशव मौर्य बोले- अयोध्या की तर्ज पर मथुरा में बनेगा भव्य मंदिर

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी रणनीति को धार देना शुरू कर दिया है. मथुरा में भाजपा संगठन की दो दिवसीय चिंतन बैठक के दौरान उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने बड़ा बयान देते हुए कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर का मुद्दा प्रमुख रहेगा. उन्होंने कहा कि अयोध्या की तरह मथुरा में भी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मस्थान पर भव्य मंदिर निर्माण का लक्ष्य है. इसके लिए न्यायिक प्रक्रिया या आपसी बातचीत के जरिए रास्ता निकाला जाएगा.

केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को भी कारसेवा का न्योता दिया. उन्होंने कहा कि अगर अखिलेश यादव भगवान श्रीकृष्ण के सच्चे भक्त हैं तो उन्हें मथुरा आकर मंदिर निर्माण की कारसेवा में शामिल होना चाहिए. मौर्य ने कहा कि भाजपा इस प्रयास में उनका स्वागत करेगी.

2027 में सरकार बनने पर छह महीने के भीतर काम शुरू करने का लक्ष्य:
मथुरा में हुई बैठक के दौरान कृष्ण जन्मभूमि मंदिर निर्माण को लेकर भाजपा नेताओं ने अपनी रणनीति पर चर्चा की. मौर्य के बयान के मुताबिक, 2027 में फिर सरकार बनने पर छह महीने के भीतर मंदिर निर्माण से जुड़ा काम शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है. उन्होंने स्पष्ट किया कि इस दिशा में कानूनी प्रक्रिया और आपसी सहमति को आधार बनाया जाएगा.

पांच प्रमुख मुद्दों पर भाजपा ने बनाई रणनीति:
भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए पांच प्रमुख मुद्दों को केंद्र में रखकर रणनीति तैयार की गई. इनमें हिंदुत्व, समान नागरिक संहिता (UCC), विकास, कानून-व्यवस्था और राष्ट्रवाद शामिल हैं. पार्टी इन मुद्दों को लेकर प्रदेशभर में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों को आगे बढ़ाने की तैयारी में है.

बैठक में दिग्गज नेताओं का जमावड़ा:
मथुरा में आयोजित इस महत्वपूर्ण बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, भाजपा के प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष, स्मृति ईरानी और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए. बैठक में संगठन की मजबूती और 2027 के चुनाव की तैयारियों पर मंथन किया गया.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें