खेलो राजस्थान गेम्स का दायरा बढ़ा, अब 12 नहीं 16 खेलों में होंगे मुकाबले; 30 नवंबर तक करा सकेंगे रजिस्ट्रेशन

जयपुर: राजस्थान में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और खिलाड़ियों को अधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से खेलो राजस्थान गेम्स का विस्तार किया गया है. राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद ने प्रतियोगिताओं में चार नए खेल शामिल किए हैं. अब खेलो राजस्थान गेम्स में 12 की जगह 16 खेलों में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी. इसके साथ ही खिलाड़ियों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की अंतिम तिथि भी बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है.

राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद की ओर से शामिल किए गए नए खेलों में हॉकी, शूटिंग बॉल, टेनिस बॉल क्रिकेट और मल्लखंब शामिल हैं. अब खिलाड़ी कुल 16 खेलों में अपनी प्रतिभा दिखा सकेंगे. सभी खेलों के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

अब तक 1.55 लाख से अधिक खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण:
राजस्थान राज्य क्रीड़ा परिषद के सचिव राजकेश मीणा ने बताया कि खेलो राजस्थान गेम्स के लिए अब तक 1 लाख 55 हजार 964 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है. इनमें 1.02 लाख से अधिक पुरुष और 53 हजार से ज्यादा महिला खिलाड़ी शामिल हैं.

पंजीकरण के आंकड़ों के अनुसार, अब तक 3,852 टीमों और 1,24,021 व्यक्तिगत खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है. इससे प्रदेश में खेलों के प्रति युवाओं और खिलाड़ियों के बढ़ते उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है.
भीलवाड़ा पंजीकरण में सबसे आगे

जिलावार पंजीकरण की बात करें तो भीलवाड़ा 35,663 खिलाड़ियों के पंजीकरण के साथ प्रदेश में पहले स्थान पर है. वहीं डीडवाना-कुचामन 20,005 पंजीकरण के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है.

30 नवंबर तक मिलेगा पंजीकरण का मौका, 15 दिसंबर से प्रतियोगिताएं:
खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ाने के लिए पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 नवंबर से बढ़ाकर अब 30 नवंबर कर दी गई है. ऐसे में इच्छुक खिलाड़ी बढ़ी हुई समय सीमा के भीतर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें