हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें

पंचायतीराज चुनाव 2026: कहीं पति-पत्नी के बीच बदली सरपंच की कुर्सी, तो कहीं एक ही परिवार के 3 सदस्य बने सरपंच, एक क्लिक में देखें पूरी जानकारी

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के सरपंच पदों के परिणाम सामने आने के साथ ही कई दिलचस्प सियासी तस्वीरें उभरकर सामने आई हैं. बारां जिले के छीपाबड़ौद क्षेत्र में कहीं पत्नी की जगह पति ने सरपंच की कुर्सी संभाली, तो कहीं पति के बाद पत्नी गांव की सरपंच बनीं. वहीं, एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने अलग-अलग ग्राम पंचायतों से जीत दर्ज की है. झुंझुनूं के मंडावा, टोंक के मालपुरा और पोकरण की रामदेवरा ग्राम पंचायत में भी चुनावी परिणामों को लेकर उत्साह देखने को मिला. रामदेवरा में आसूसिंह तंवर ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 1,752 मतों से हराकर सरपंच पद पर जीत दर्ज की.

छीपाबड़ौद में रोचक उलटफेर, कहीं पति तो कहीं पत्नी बनी सरपंच:
बारां जिले के छीपाबड़ौद क्षेत्र में सरपंच चुनाव के परिणामों ने लोगों का ध्यान खींचा है. हरनावदा शाहजी ग्राम पंचायत में पहले पत्नी सरपंच थीं, लेकिन इस बार उनके पति ने जीत दर्ज कर सरपंच की कुर्सी संभाल ली है. वहीं, सारथल कस्बे में इसके उलट परिणाम सामने आया है. यहां पहले पति सरपंच थे, जबकि अब उनकी पत्नी सरपंच निर्वाचित हुई हैं.
दोनों ग्राम पंचायतों में सरपंच पद का नेतृत्व पति-पत्नी के बीच बदला है. चुनावी नतीजों के बाद क्षेत्र में इन दोनों ग्राम पंचायतों की चर्चा हो रही है.

छीपाबड़ौद में एक ही परिवार के तीन सदस्य बने सरपंच, तीन अलग-अलग पंचायतों में जीत:
बारां: छीपाबड़ौद क्षेत्र में पंचायत चुनाव के दौरान एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने अलग-अलग ग्राम पंचायतों से जीत दर्ज कराई है. बमोरी घाटा ग्राम पंचायत से रामकल्याण गुर्जर सरपंच निर्वाचित हुए हैं. वहीं, उनके बेटे भूपेंद्र गुर्जर ने मोखमपुरा ग्राम पंचायत से जीत हासिल की है. परिवार की बहू पूर्णिमा खटाना ने भी ग्राम पंचायत पछाड़ से सरपंच पद का चुनाव जीत लिया है. इस तरह एक ही परिवार के तीन सदस्यों ने तीन अलग-अलग ग्राम पंचायतों में सरपंच पद पर जीत दर्ज की है. इधर, ग्राम पंचायत पछाड़ में वार्ड पंच पद के लिए मंगलवार को पुनर्मतदान निर्धारित किया गया है. मतपत्र में प्रत्याशियों के नाम गलत अंकित होने के कारण पूर्व में मतदान स्थगित कर दिया गया था. पंच पद के निर्वाचन में त्रुटि सामने आने पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने यह निर्णय लिया था. राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार वार्ड पंच पद के लिए दोबारा मतदान कराया जाएगा. इसके साथ ही उपसरपंच पद की निर्वाचन प्रक्रिया भी निर्धारित है.

मंडावा में सरपंच चुनाव के परिणाम घोषित, कमालसर में महज 6 वोटों से जीत:
झुंझुनूं: पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत मंडावा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के परिणाम घोषित हो गए हैं. नूआं ग्राम पंचायत से लक्ष्मी ने 241 मतों से जीत दर्ज की है. वहीं, महनसर ग्राम पंचायत से संतोष 63 मतों से विजयी हुई हैं. टांई ग्राम पंचायत से सुरेश ने 210 मतों के अंतर से चुनाव जीता है, जबकि पाटोदा ग्राम पंचायत में राजपाल सैनी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 195 मतों से हराया है. कमालसर ग्राम पंचायत में मुकाबला बेहद करीबी रहा। यहां राकेश ने महज 6 मतों से जीत हासिल की. 

मालपुरा की 13 ग्राम पंचायतों में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित, जानिए किसने कहां से दर्ज की जीत:
टोंक: पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत मालपुरा क्षेत्र की आंशिक रूप से शामिल 13 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं. चुनावी नतीजों के साथ ही इन ग्राम पंचायतों में नए सरपंचों की तस्वीर साफ हो गई है. डूंगरीखुर्द ग्राम पंचायत से सम्पत देवी गुर्जर, डूंगरीकला से कमला देवी और कलमंडा से दयाराम मीणा सरपंच निर्वाचित हुए हैं. झाड़ली ग्राम पंचायत से अनिरुद्ध सिंह राठौड़ ने जीत दर्ज की है, जबकि कांटोली से रामकृपाल सिंह सरपंच बने हैं. इसी तरह तिलांजू ग्राम पंचायत से भंवर सिंह नरुका, लाम्याजुनारदार से छीतर गुर्जर और मोरला से जोरा देवी ने जीत हासिल की है. बागड़ी ग्राम पंचायत से मांगी देवी जाट, प्रतापपुरा से जयसिंह नायक और इंदौली से धनराज देवी जाट सरपंच निर्वाचित हुई हैं. इसके अलावा टोरडी ग्राम पंचायत से सुनीता कहार और सिंधौलिया से रवि शंकर चौधरी ने सरपंच पद पर जीत दर्ज की है.

टोंक की घांस ग्राम पंचायत में कन्या देवी बनीं सरपंच, 580 वोटों से दर्ज की जीत:
टोंक: पंचायतीराज चुनाव 2026 के तहत टोंक पंचायत समिति की घांस ग्राम पंचायत में सरपंच पद के परिणाम घोषित हो गए हैं. यहां कन्या देवी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 580 मतों के अंतर से हराकर जीत दर्ज की है. कन्या देवी घांस ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच मुकेश गुर्जर की मां हैं. उनकी जीत के साथ ग्राम पंचायत में एक बार फिर परिवार के सदस्य ने सरपंच पद हासिल किया है.

रामदेवरा में आसूसिंह तंवर बने सरपंच, 1,752 वोटों से दर्ज की बड़ी जीत:
पोकरण: जैसलमेर जिले की चर्चित रामदेवरा ग्राम पंचायत में सरपंच पद का चुनाव परिणाम घोषित हो गया है. मंगलवार अलसुबह करीब 5 बजे घोषित हुए परिणाम में आसूसिंह तंवर ने जीत हासिल की. उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समंदर सिंह तंवर को 1,752 मतों के अंतर से हराया. रामदेवरा ग्राम पंचायत प्रदेश की आर्थिक रूप से समृद्ध ग्राम पंचायतों में गिनी जाती है. प्रसिद्ध लोकदेवता बाबा रामदेव का मंदिर भी इसी क्षेत्र में स्थित है. यहां हर साल देश-प्रदेश के विभिन्न हिस्सों के साथ विदेशों से भी श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं. रुणिचा धाम रामदेवरा में आयोजित होने वाला विशाल धार्मिक मेला राजस्थान के प्रमुख आस्था केंद्रों में विशेष स्थान रखता है। इसे राजस्थान का मिनी कुंभ भी कहा जाता है.