यूपी चुनाव को लेकर एक्टिव मोड में कांग्रेस, दिल्ली में मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में हुई बैठक

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. इसी सिलसिले में आज दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की अध्यक्षता में एक अहम बैठक आयोजित की गई.

बैठक में लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी शामिल हुईं. इस दौरान उत्तर प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक कर प्रदेश में पार्टी की राजनीतिक गतिविधियों और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर चर्चा की गई.

बैठक में यूपी कांग्रेस के नेताओं के साथ संगठन की स्थिति, चुनावी तैयारियों और प्रदेश में पार्टी की आगे की रणनीति को लेकर विचार-विमर्श किया गया. उत्तर प्रदेश की राजनीति में अपनी भूमिका को लेकर कांग्रेस नेतृत्व की इस बैठक को आगामी चुनाव की तैयारियों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

इस बैठक को लेकर मल्लिकार्जुन खड़गे ने X पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि आज उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गहन चर्चा हुई. उत्तर प्रदेश के आने वाले चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे. 

प्रदेश की जनता परिवर्तन की ओर देख रही है और सामाजिक न्याय, समान अवसर तथा वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है. मुझे पूरा विश्वास है कि कांग्रेस पार्टी, INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी.