राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव का चौथा और अंतिम चरण आज, 3,747 ग्राम पंचायतों में पंच-सरपंच के लिए मतदान

जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण के तहत आज पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान होगा. प्रदेश की 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए चुनावी मुकाबला होगा. इस चरण में कुल 22,158 प्रत्याशी सरपंच पद के लिए अपनी किस्मत आजमा रहे हैं.

चुनाव में प्रत्याशियों की संख्या के लिहाज से अधिकांश ग्राम पंचायतों में बहुकोणीय मुकाबले की स्थिति है. आंकड़ों के अनुसार, 3,246 ग्राम पंचायतों में 2 से 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. वहीं, 439 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा.

इसके अलावा 12 ग्राम पंचायतों में 20 से 29 उम्मीदवार सरपंच पद के लिए आमने-सामने हैं, जबकि एक ग्राम पंचायत ऐसी भी है, जहां 30 या इससे अधिक प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. जिलेवार आंकड़ों पर नजर डालें तो बांसवाड़ा में सबसे ज्यादा 1,746 सरपंच प्रत्याशी मैदान में हैं. वहीं बीकानेर में सबसे कम 404 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

इस चरण में 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. इनमें जैसलमेर की 24 ग्राम पंचायतें शामिल हैं. वहीं बालोतरा की 14 ग्राम पंचायतों में भी सरपंच निर्विरोध चुने गए हैं. अब चौथे और अंतिम चरण के मतदान के साथ प्रदेश में पंचायतीराज चुनाव की प्रक्रिया अपने अंतिम पड़ाव पर पहुंच गई है. मतदान के बाद चुनाव परिणामों पर सभी की नजरें रहेंगी.