श्रीगंगानगर: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले के रामसिंहपुर थाना क्षेत्र के 50 जीबी में रेलवे ट्रैक पर हुए बम विस्फोट के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है. राजस्थान एटीएस और श्रीगंगानगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में पंजाब के गुरदासपुर से दो आरोपियों महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह को गिरफ्तार किया गया है. एडीजीपी एटीएस दिनेश एमएन ने रविवार को प्रेस वार्ता में खुलासा करते हुए बताया कि इस पूरी साजिश के तार पाकिस्तान में बैठे हैंडलरों से जुड़े हैं.
दिनेश एमएन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो विदेशी पिस्तौल, 46 जिंदा कारतूस और 30 हजार रुपये बरामद किए गए हैं. जांच में सामने आया कि महकदीप कौर का पति करणवीर सिंह पंजाब में नशीले पदार्थों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार हुआ था. जेल में उसकी मुलाकात एक बदमाश से हुई थी. इसके बाद करणवीर ने अपनी पत्नी को पंजाब के लवली से संपर्क करने और उससे पैसे मिलने की बात कही थी.
जांच के मुताबिक पाकिस्तानी हैंडलरों के निर्देश पर महकदीप कौर और देवेंद्र सिंह 6 अक्टूबर को रामसिंहपुर क्षेत्र में पहुंचे और रेलवे ट्रैक को विस्फोट से उड़ाने की योजना बनाई, लेकिन उस समय उन्हें विस्फोटक सामग्री उपलब्ध नहीं हो सकी. इसके बाद 12 या 13 अक्टूबर को दोनों दोबारा क्षेत्र में पहुंचे. इस बार पाकिस्तानी हैंडलर शाह की ओर से उपलब्ध करवाए गए विस्फोटक और टाइमर का इस्तेमाल किया गया, लेकिन तकनीकी खामी के कारण विस्फोट नहीं हो पाया.
आखिरकार 3 नवंबर को 50 जीबी के पास रेलवे ट्रैक पर विस्फोटक सामग्री लगाकर धमाका किया गया. एडीजीपी दिनेश एमएन ने बताया कि जांच में पाकिस्तानी हैंडलर शाह और पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई की संलिप्तता सामने आई है. अब दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि साजिश से जुड़े अन्य लोगों और नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा सके.