जयपुर: जयपुर जिले के जोबनेर क्षेत्र में रविवार को भीषण सड़क हादसे से हड़कंप मच गया. जोबनेर-रेनवाल राजमार्ग पर भोजपुरा स्टैंड के पास सवारियों से भरी एक निजी बस और एम्बुलेंस सहित चार वाहनों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई. हादसा इतना भीषण था कि वाहनों के क्षतिग्रस्त होते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. प्रारंभिक सूचना के अनुसार हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक लोगों के घायल होने की सूचना है.
टक्कर के बाद मची अफरा-तफरी:
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया. वाहनों में सवार कई यात्री घायल हो गए. कुछ यात्री क्षतिग्रस्त वाहनों में फंस गए, जिन्हें बाहर निकालने के लिए तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया.
पुलिस और एम्बुलेंस पहुंची मौके पर:
घटना की सूचना मिलते ही जोबनेर थाना पुलिस और कई एम्बुलेंस मौके पर पहुंचीं. पुलिसकर्मियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर बचाव अभियान शुरू किया. क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर नजदीकी अस्पताल पहुंचाया जा रहा है.
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस:
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है. घायलों की संख्या और उनकी स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने का इंतजार है.