जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव-2026 के चौथे चरण को लेकर सरपंच पद की चुनावी तस्वीर सामने आ गई है. प्रदेश की 3,747 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 22,158 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. वहीं, 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. निर्वाचन से जुड़े आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कहीं दो से तीन प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है तो कहीं 30 से अधिक उम्मीदवार सरपंच बनने की दौड़ में शामिल हैं.
3,246 ग्राम पंचायतों में 2 से 9 प्रत्याशी:
चौथे चरण के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश की 3,246 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए 2 से 9 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. वहीं, 439 ग्राम पंचायतों में 10 से 19 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला होगा. इसके अलावा 12 ग्राम पंचायतों में 20 से 29 उम्मीदवार आमने-सामने हैं. एक ग्राम पंचायत ऐसी भी है, जहां 30 या उससे अधिक प्रत्याशी सरपंच पद के लिए चुनाव लड़ रहे हैं.
जैसलमेर में 24, बालोतरा में 14 निर्विरोध सरपंच:
निर्विरोध निर्वाचन के मामले में जैसलमेर जिला सबसे आगे है. यहां 24 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हुए हैं. वहीं, बालोतरा जिले की 14 ग्राम पंचायतों में भी निर्विरोध निर्वाचन हुआ है. प्रदेश की कुल 48 ग्राम पंचायतों में बिना मुकाबले सरपंच चुने गए हैं.
बांसवाड़ा में सबसे ज्यादा प्रत्याशी, बीकानेर में सबसे कम:
इस चुनावी आंकड़े में सबसे दिलचस्प तथ्य जिलों के बीच प्रत्याशियों की संख्या का अंतर है. बांसवाड़ा जिले में सरपंच पद के लिए सर्वाधिक 1,746 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. इसके विपरीत बीकानेर जिले में सबसे कम 404 प्रत्याशी सरपंच पद का चुनाव लड़ रहे हैं.
कहीं कड़ा मुकाबला तो कहीं निर्विरोध निर्वाचन
चौथे चरण के आंकड़े बताते हैं कि प्रदेश की ग्राम पंचायतों में सरपंच पद को लेकर अलग-अलग तरह की चुनावी तस्वीर देखने को मिल रही है. कई ग्राम पंचायतों में सीमित उम्मीदवारों के बीच मुकाबला है, जबकि कुछ जगह प्रत्याशियों की संख्या काफी अधिक है. वहीं, 48 ग्राम पंचायतों में निर्विरोध निर्वाचन होने से वहां चुनावी मुकाबले की स्थिति ही नहीं बनी.