नई दिल्ली: भारतीय सेना में अधिकारियों की पदोन्नति व्यवस्था को लेकर बड़े बदलाव की तैयारी की जा रही है. सेना ब्रिगेडियर के पद को समाप्त करने और कर्नल से सीधे मेजर जनरल के पद पर पदोन्नति का रास्ता खोलने का प्रस्ताव तैयार कर रही है. इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य सेना के अधिकारियों के करियर में पदोन्नति की बाधाओं को कम करना और उन्हें सिविल सेवाओं के अधिकारियों के समकक्ष करियर प्रगति का अवसर देना है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सेना इसी महीने या अगले महीने तक इस प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर रक्षा मंत्रालय के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष भेज सकती है. यदि प्रस्ताव को मंजूरी मिलती है तो इसे नवंबर 2027 तक लागू किया जा सकता है.
पदोन्नति में देरी दूर करने की कवायद:
दरअसल, भारतीय सेना में उच्च पदों पर पदोन्नति के अवसर सीमित होने के कारण अधिकारियों को लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है. मौजूदा व्यवस्था में एक सैन्य अधिकारी को मेजर जनरल के समकक्ष पे-लेवल 14 तक पहुंचने में करीब 32 से 33 साल लग जाते हैं. वहीं IAS, IPS और भारतीय वन सेवा के अधिकारी महज 16 से 18 साल में इस स्तर तक पहुंच जाते हैं.
इसी अंतर को कम करने के लिए सेना के कैडर ढांचे में बदलाव की जरूरत महसूस की जा रही है. प्रस्ताव में ब्रिगेडियर के पद को हटाकर पदोन्नति की एक सीढ़ी कम करने की बात कही गई है.
सेना में 1162 ब्रिगेडियर पदस्थ:
मौजूदा समय में भारतीय सेना में करीब 1,162 ब्रिगेडियर पदस्थ हैं. प्रस्ताव के अनुसार, ब्रिगेडियर का पद समाप्त होने की स्थिति में मेजर जनरल स्तर के अधिकारी ब्रिगेड और डिवीजन दोनों की कमान संभाल सकते हैं. इससे सेना की कमान व्यवस्था और अधिकारियों की पदोन्नति संरचना में बदलाव आएगा.