जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के चौथे और अंतिम चरण के तहत आज पंच और सरपंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया है. प्रदेश की 3,747 ग्राम पंचायतों में लोकतंत्र के इस महापर्व को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखने को मिल रहा है. सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाता पहुंचकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर रहे हैं.
चौथे चरण में सरपंच पद के लिए कुल 22,158 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं. कई ग्राम पंचायतों में बहुकोणीय मुकाबला देखने को मिल रहा है. वहीं, प्रदेश की 48 ग्राम पंचायतों में सरपंच निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं. अंतिम चरण के मतदान को लेकर चुनावी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं.
मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं. खास बात यह है कि मतदान प्रक्रिया समाप्त होते ही मतगणना शुरू कर दी जाएगी. ऐसे में आज ही प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला सामने आएगा और गांवों की नई सरकार की तस्वीर साफ हो जाएगी.