नई दिल्ली: लोक आस्था, श्रद्धा और सूर्य उपासना का महापर्व छठ आज उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया. देशभर में छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा. व्रतियों ने 36 घंटे के कठिन निर्जला व्रत के बाद उदीयमान सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और आरोग्य की कामना की.
सुबह की पहली किरण के साथ ही छठ घाटों पर आस्था का अद्भुत नजारा देखने को मिला. हाथों में पूजा की टोकरी, उसमें सजे फल, ठेकुआ और पारंपरिक प्रसाद के साथ श्रद्धालु सूर्य देव की आराधना में लीन नजर आए. चारों ओर छठी मईया के जयकारों और पारंपरिक छठ गीतों की गूंज सुनाई दी. अर्घ्य अर्पित करने के साथ ही व्रतियों ने अपना कठिन व्रत पूरा किया.
छठ महापर्व के समापन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं. प्रधानमंत्री ने कहा कि उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ. प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला. छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें.
उदीयमान सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित करने के साथ आज महापर्व छठ का चार दिवसीय अनुष्ठान संपन्न हुआ। प्रकृति को समर्पित इस दिव्य उत्सव में दृढ़ संकल्प और आध्यात्मिक साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला। छठी मइया से विनती है कि वे सभी व्रतियों के साथ-साथ देशभर के मेरे परिवारजनों को अपना शुभाशीष प्रदान करें।
— Narendra Modi (@narendramodi) November 16, 2026
इस दौरान देशभर में संकल्प और साधना का अद्भुत संगम देखने को मिला. पीएम मोदी ने कामना की कि छठी मईया का आशीर्वाद सभी देशवासियों पर बना रहे. उन्होंने सभी व्रतियों के सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना भी की.
चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय, खरना, अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य और उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने की परंपरा निभाई गई. छठ महापर्व ने एक बार फिर देशभर में लोक आस्था, पारिवारिक एकजुटता और भारतीय संस्कृति की अनूठी झलक पेश की.