जयपुर: राजस्थान में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है. पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई इलाकों में हल्की बारिश और बूंदाबांदी दर्ज की गई है. बारिश के चलते कई शहरों में दिन के तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आई है. मौसम में आए इस बदलाव के बाद अब प्रदेश में सर्दी की शुरुआत होने के आसार हैं.
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ने के बाद प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा. अगले चार से पांच दिनों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट होने की संभावना है. इससे सुबह और रात के समय ठंड का असर बढ़ेगा. राजधानी जयपुर सहित प्रदेश के कई शहरों में सर्द हवाओं के साथ मौसम में ठंडक महसूस होने लगेगी.
बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान की आहट
इधर, देश के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में बंगाल की खाड़ी में एक और चक्रवाती तूफान बनने की संभावना जताई गई है. 'अर्नब' और 'मुरासु' के बाद अब संभावित 'अकवान' तूफान को लेकर मौसम विभाग की नजर बनी हुई है. भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र गहरे अवदाब में बदल चुका है. इसके 16 नवंबर को चक्रवाती तूफान और 17 नवंबर को गंभीर चक्रवाती तूफान में बदलने की संभावना है.
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, यह सिस्टम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए आंध्रप्रदेश के तट की ओर बढ़ सकता है. इसके प्रभाव से 18 से 21 नवंबर के बीच तमिलनाडु, आंध्रप्रदेश और ओडिशा के तटीय इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश होने की आशंका है.