जयपुर: राजस्थान में रबी सीजन के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति की तैयारियों के बीच बड़ा झटका लगा है. RVUNL के छबड़ा सुपर क्रिटिकल थर्मल पावर प्लांट में देर रात करीब 2 बजे अचानक इलेक्ट्रिकल फॉल्ट आ गया. इस तकनीकी खराबी के चलते 660-660 मेगावाट क्षमता वाली दोनों उत्पादन इकाइयां बंद हो गईं. इससे प्रदेश की बिजली व्यवस्था के लिए एक साथ 1320 मेगावाट बिजली उत्पादन प्रभावित हो गया.
घटनाक्रम के दौरान अंता के दोनों 400 KV फीडर और ब्रेकर भी ट्रिप हो गए. अचानक हुए इस घटनाक्रम से बिजली विभाग और पावर मैनेजमेंट से जुड़े अधिकारियों में हलचल मच गई. रबी सीजन में बिजली की मांग बढ़ने के बीच इतनी बड़ी उत्पादन क्षमता का प्रभावित होना ऊर्जा विभाग के लिए चुनौती बन गया है.
CMD देवेंद्र श्रृंगी ने संभाली मॉनिटरिंग:
मामले की गंभीरता को देखते हुए RVUNL के CMD देवेंद्र श्रृंगी खुद पूरे घटनाक्रम की मॉनिटरिंग कर रहे हैं. वे लगातार फील्ड अधिकारियों से रिपोर्ट ले रहे हैं और तकनीकी खराबी को जल्द दुरुस्त करने के निर्देश दिए जा रहे हैं.
हालांकि, अधिकारियों का दावा है कि फॉल्ट को जल्द ठीक कर दोनों इकाइयों को दोबारा उत्पादन में लाने के प्रयास किए जा रहे हैं. तकनीकी टीम खराबी की जांच और मरम्मत में जुटी हुई है.
बैकअप बिजली के विकल्प तलाशने में जुटा पावर मैनेजमेंट:
दूसरी ओर, एक साथ 1320 मेगावाट उत्पादन प्रभावित होने के बाद बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक इंतजामों पर भी काम शुरू हो गया है. पावर मैनेजमेंट से जुड़े अधिकारी दूसरे स्रोतों से उपलब्ध बिजली की संभावनाएं तलाश रहे हैं, ताकि जरूरत पड़ने पर बैकअप व्यवस्था के जरिए बिजली की मांग पूरी की जा सके.