क्रिकेट के अगले 9 साल का रोडमैप तैयार! भारत में 2029 चैंपियंस ट्रॉफी और 2031 वनडे वर्ल्ड कप का रोमांच

नई दिल्ली: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के प्रशंसकों के लिए बड़ी खबर है. इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साल 2028 से 2035 तक के प्रमुख पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों का कार्यक्रम घोषित कर दिया है. नए शेड्यूल के मुताबिक भारत को दो बड़े ICC टूर्नामेंटों की मेजबानी मिली है. भारत 2029 में चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा.

ICC के इस ऐलान के बाद आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का कैलेंडर भी साफ हो गया है. साल 2028 में T20 वर्ल्ड कप का आयोजन ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होगा. इसके बाद 2029 में भारत चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा. इसी साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल इंग्लैंड में खेला जाएगा.

वहीं, 2030 में T20 वर्ल्ड कप की मेजबानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड संयुक्त रूप से करेंगे. इसके अगले साल यानी 2031 में क्रिकेट का सबसे बड़ा वनडे टूर्नामेंट भारत और बांग्लादेश में आयोजित होगा. इसी साल वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल भी इंग्लैंड में खेला जाएगा.

2035 तक का कार्यक्रम घोषित:
ICC के मुताबिक वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल हर दो साल में जून महीने में आयोजित किया जाएगा. 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी इंग्लैंड को सौंपी गई है. वहीं 2033 और 2035 के फाइनल के मेजबान देशों का ऐलान अभी नहीं किया गया है.