हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें

जोनल मजिस्ट्रेट सहित तीन गाड़ियों में लगाई आग, बांसवाड़ा में सरपंच चुनाव परिणाम के बाद बवाल, भारी पुलिस तैनात

बांसवाड़ा: राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में सरपंच चुनाव के नतीजे घोषित होने के बाद विवाद भड़क गया. छोटी सरवा क्षेत्र के बावड़ी निनामा मतदान केंद्र पर चुनाव परिणाम के बाद उपजे विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. उपद्रवियों ने जोनल मजिस्ट्रेट की गाड़ी सहित तीन वाहनों में आग लगा दी. इसके अलावा कई वाहनों पर पथराव भी किया गया.

आगजनी के दौरान गाड़ियां धू-धू कर जलने लगीं. घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया. बताया जा रहा है कि चुनाव में हार के बाद विवाद बढ़ा, जिसके चलते आगजनी और पथराव की घटना हुई.

घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. कुशलगढ़ एसडीएम मुकेश कुमार मीणा भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. पुलिस ने मामले में कई लोगों को डिटेन किया है. फिलहाल इलाके में स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है.