सीकर के अजीतगढ़ में सड़क हादसा, श्वान को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित होकर ट्रक पलटा, चालक की मौत

प्रतीकात्मक फोटो

प्रतीकात्मक फोटो

सीकर: राजस्थान के सीकर जिले के अजीतगढ़ में नीमकाथाना रोड पर तेजाजी मंदिर के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सड़क पर अचानक आए श्वान को बचाने के प्रयास में एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में ट्रक चालक की मौके पर ही मौत हो गई.

मृतक की पहचान खेतड़ी निवासी बिल्लू गुर्जर (30) के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि ट्रक ट्रांसपोर्ट का सामान लेकर नीमकाथाना की ओर जा रहा था. इसी दौरान तेजाजी मंदिर के पास श्वान को बचाने के प्रयास में चालक ट्रक से नियंत्रण खो बैठा और ट्रक पलट गया.

हादसे की सूचना मिलते ही अजीतगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मृतक के शव को अजीतगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है.


हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें