'बजट फाइल्स' के पहले एपिसोड में ही खुल गई सरकार की पोल! अशोक गहलोत ने जल जीवन मिशन पर उठाए सवाल

जयपुर: राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अशोक गहलोत ने 'बजट फाइल्स' के पहले एपिसोड को लेकर राज्य की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला है. गहलोत ने कहा कि पहले ही एपिसोड में सरकार की धज्जियां उड़ गईं. उन्होंने जल जीवन मिशन को लेकर सरकार की कार्यशैली पर सवाल खड़े करते हुए कहा कि राज्य सरकार को इस मिशन को प्राथमिकता देनी चाहिए थी, लेकिन सरकार अपना वादा पूरा करने में विफल रही है.

अशोक गहलोत ने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत प्रदेश के लाखों परिवारों को पानी के कनेक्शन उपलब्ध कराने हैं. यह जनता से जुड़ा बेहद महत्वपूर्ण मुद्दा है और सरकार को इस दिशा में गंभीरता से काम करना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती.

महेश जोशी की गिरफ्तारी पर भी उठाए सवाल:
गहलोत ने जल जीवन मिशन से जुड़े मामले में पूर्व मंत्री महेश जोशी की गिरफ्तारी को लेकर भी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने आरोप लगाया कि महेश जोशी को एसीबी पर दबाव बनाकर गिरफ्तार कराया गया. गहलोत ने कहा कि भाजपा के नेता यह कहते हैं कि मंत्री जेल चला गया, लेकिन यह अलग कहानी है. किसी एक केस को लेकर राज्य सरकार अपनी जिम्मेदारी से बच नहीं सकती.

जल कनेक्शन के वादे पर सरकार को घेरा:
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के सामने सबसे बड़ी जिम्मेदारी प्रदेश के लोगों को जल कनेक्शन उपलब्ध कराने की है. लाखों परिवारों को पानी के कनेक्शन देने का वादा किया गया था, लेकिन सरकार उसे पूरा करने में नाकाम रही है. उन्होंने कहा कि सरकार को आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से आगे बढ़कर जनता से किए गए वादों को पूरा करना चाहिए.

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें