मिशन यूपी 2027: अमित शाह संभालेंगे चुनावी कमान, हर महीने 7 दिन उत्तर प्रदेश में डालेंगे डेरा

नई दिल्ली : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं. मिशन यूपी 2027 के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को चुनावी अभियान की अहम जिम्मेदारी सौंपी जा रही है. पार्टी का फोकस उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति को धार देने, संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर है. अमित शाह के हर महीने कम से कम सात दिन उत्तर प्रदेश में बिताने की तैयारी की खबरें भी सामने आई हैं. हालांकि, इस प्रवास कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी सामने नहीं आई है.

मथुरा चिंतन बैठक में तैयार हुआ मिशन 2027 का रोडमैप:
मथुरा में भाजपा की दो दिवसीय चिंतन बैठक के बाद पार्टी ने विधानसभा चुनाव की तैयारियों को नई गति दी है. बैठक में संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं की भूमिका बढ़ाने और जमीनी स्तर पर चुनावी प्रबंधन को प्रभावी बनाने पर मंथन हुआ. पार्टी का जोर 'कार्यकर्ता सर्वोपरि' के मंत्र के साथ चुनावी मैदान में उतरने पर है. 

बूथ मैनेजमेंट से लेकर संगठनात्मक समन्वय तक तैयारी:
भाजपा की चुनावी रणनीति में बूथ स्तर का प्रबंधन सबसे अहम रहने वाला है. पार्टी का प्रयास है कि चुनाव से पहले संगठन की हर कड़ी सक्रिय रहे. इसके लिए बूथ अध्यक्षों और शक्ति केंद्र संयोजकों के साथ संवाद, स्थानीय समस्याओं का फीडबैक और क्षेत्रवार चुनावी तैयारियों की समीक्षा की जाएगी.

दूसरे वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों की भी लग सकती है ड्यूटी:
मिशन यूपी 2027 को लेकर भाजपा केवल अमित शाह के दौरों तक सीमित नहीं रहना चाहती. पार्टी के अन्य वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों और नेताओं को भी उत्तर प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी दिए जाने की तैयारी है. इसके तहत क्षेत्रवार बैठकें, कार्यकर्ता सम्मेलन और जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किए जा सकते हैं. 

हैप्पी बर्थडे जयपुर — क्लिक करें