जयपुर: राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव 2026 के नतीजे सामने आने लगे हैं. प्रदेश के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना जारी है. शुरुआती परिणामों में कई जगह कांग्रेस और भाजपा के प्रत्याशियों ने जीत दर्ज की है, वहीं राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (RLP), भारत आदिवासी पार्टी (BAP) और निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है. जयपुर से लेकर सिरोही और दौसा तक चुनाव परिणामों को लेकर राजनीतिक हलचल तेज हो गई है.
जयपुर में कांग्रेस-भाजपा और RLP के प्रत्याशियों की जीत:
जयपुर जिले की विभिन्न पंचायत समितियों से चुनाव परिणाम सामने आए हैं. अमरसर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 1 से कांग्रेस की एकता बैरगी ने जीत दर्ज की. टूंगा पंचायत समिति के वार्ड 1 से भी कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे.
वहीं, सांभरलेक पंचायत समिति के वार्ड संख्या 1 से भाजपा के प्रधान गुर्जर ने जीत हासिल की. बस्सी पंचायत समिति के वार्ड 1 से भाजपा प्रत्याशी विजयी रहे. आंधी पंचायत समिति के वार्ड 1 से कांग्रेस प्रत्याशी ने बाजी मारी.
इसके अलावा सांगानेर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 2 से आरएलपी प्रत्याशी ने जीत दर्ज की, जबकि जोबनेर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 2 से कांग्रेस प्रत्याशी विजयी रहे.
सिरोही में BAP की एंट्री, वीराराम 877 वोटों से जीते:
सिरोही जिले में भारत आदिवासी पार्टी ने अपना खाता खोल दिया है. आबूराज पंचायत समिति के वार्ड संख्या 4 से BAP के प्रत्याशी वीराराम बड़े अंतर से विजयी घोषित हुए. उन्होंने 877 मतों से जीत दर्ज की. वहीं, आबूराज पंचायत समिति के वार्ड संख्या 3 से गंगा बेन गरासिया विजेता घोषित हुईं. इस वार्ड में भाजपा तीसरे स्थान पर रही.
रेवदर पंचायत समिति के वार्ड संख्या 2 से कांग्रेस प्रत्याशी रेखा देवी ने जीत दर्ज की. इसके अलावा मंडार के वार्ड संख्या 2 और वार्ड संख्या 4 से भी कांग्रेस प्रत्याशी विजयी घोषित किए गए.
सिरोही में सामने आए शुरुआती परिणामों में भाजपा का अभी तक खाता नहीं खुला है. ऐसे में जिले के चुनाव परिणामों पर राजनीतिक दलों की नजर बनी हुई है.
दौसा में भाजपा और निर्दलीय प्रत्याशियों ने दर्ज की जीत:
दौसा जिले से भी पंचायत चुनाव के परिणाम सामने आए हैं. महवा पंचायत समिति के वार्ड संख्या 4 से भाजपा के धारा सिंह विजयी घोषित हुए. वहीं, एक अन्य वार्ड में भाजपा की गुड्डी देवी ने जीत दर्ज की. वार्ड संख्या 7 से निर्दलीय प्रत्याशी संगीता ने बाजी मारी.
अभी जारी है मतगणना, कई सीटों के नतीजों का इंतजार:
प्रदेश के 37 जिलों में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की मतगणना जारी है. शुरुआती नतीजों में कांग्रेस, भाजपा, आरएलपी, BAP और निर्दलीय प्रत्याशियों के बीच मुकाबले की तस्वीर सामने आ रही है. जैसे-जैसे मतगणना आगे बढ़ेगी, वैसे-वैसे ग्रामीण राजस्थान की राजनीतिक तस्वीर और स्पष्ट होती जाएगी.